मध्य प्रदेश में प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं में पढ़ा रहे सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा ( MP TET 2026) का कार्यक्रम जारी हो गया है। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आयोजित की जा रही इस विशेष पात्रता परीक्षा की नियम पुस्तिका जारी कर दी है। परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि ऑनलाइन आवेदन 21 अगस्त से भरे जाएंगे।
यह परीक्षा खास तौर पर उन सेवारत शिक्षकों के लिए आयोजित की जा रही है, जिन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निर्धारित पात्रता परीक्षा पास नहीं की है। सरकारी स्कूलों के साथ अशासकीय स्कूलों में प्राथमिक कक्षाओं में पढ़ाने वाले ऐसे शिक्षक भी इसमें शामिल हो सकेंगे, जो पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं हैं।
21 अगस्त से आवेदन, 4 सितंबर आखिरी तारीख
ESB के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन 21 अगस्त 2026 से शुरू होंगे और 4 सितंबर तक भरे जा सकेंगे। आवेदन में संशोधन की सुविधा 21 अगस्त से 9 सितंबर तक मिलेगी। परीक्षा 12 अक्टूबर से शुरू होगी और दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
सभी श्रेणी और संवर्ग के आवेदकों के लिए परीक्षा शुल्क 1,000 रुपये प्रति प्रश्न-पत्र रखा गया है। MP Online के जरिए आवेदन करने पर 60 रुपये पोर्टल शुल्क अलग से देना होगा। रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर के माध्यम से आवेदन करने पर 20 रुपये पोर्टल शुल्क लगेगा।
प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में होंगे 150 प्रश्न
प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और पेपर 150 अंकों का होगा। परीक्षा के लिए 2 घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा। इसमें नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। प्राथमिक स्तर के पेपर में बाल विकास एवं शिक्षाशास्त्र, भाषा-1, भाषा-2, गणित और पर्यावरण अध्ययन से 30-30 प्रश्न पूछे जाएंगे।
नियम पुस्तिका के मुताबिक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं, जबकि अन्य वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे।
माध्यमिक शिक्षक के लिए विषय के अनुसार देना होगा पेपर
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में अभ्यर्थी अपनी पात्रता और विषय के अनुसार प्रश्न-पत्र चुन सकेंगे। हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के प्रश्न-पत्र निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक विषय के पेपर में 120 प्रश्न होंगे और कुल 120 अंक रहेंगे। इसके लिए भी 2 घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा और नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
किन शिक्षकों के लिए है यह परीक्षा
ESB की नियम पुस्तिका के मुताबिक सरकारी स्कूलों के प्राथमिक स्तर पर कार्यरत सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, सहायक अध्यापक, संविदा शाला शिक्षक वर्ग-3, प्रयोगशाला सहायक, प्राथमिक शिक्षक विज्ञान और संबंधित श्रेणी के शिक्षक परीक्षा में शामिल हो सकेंगे, यदि उन्होंने निर्धारित पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है। अशासकीय विद्यालयों में प्राथमिक कक्षाओं में पढ़ाने वाले ऐसे शिक्षक भी परीक्षा दे सकेंगे, जिन्होंने पात्रता परीक्षा पास नहीं की है।
नियम पुस्तिका में यह भी साफ किया गया है कि यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन में सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष पात्रता परीक्षा के रूप में आयोजित की जा रही है। इसलिए इस परीक्षा की पात्रता या इसका परिणाम भविष्य में सरकारी शिक्षक के पद पर सीधी भर्ती के लिए मान्य नहीं होगा।
11 शहरों में बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र
परीक्षा के लिए भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। पहली पाली में अभ्यर्थियों को सुबह 8 से 9 बजे के बीच रिपोर्ट करना होगा और परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 से 2 बजे तक रिपोर्टिंग होगी और परीक्षा दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा केंद्र पर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन
परीक्षा में आधार पंजीयन अनिवार्य किया गया है। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश और परीक्षा के दौरान बहुस्तरीय बायोमेट्रिक सत्यापन होगा। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, रिकॉर्डिंग डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र पर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमों के मुताबिक अतिरिक्त समय और जरूरत के अनुसार लेखन सहायक (Scribe) की सुविधा मिल सकेगी।
रिजल्ट के साथ जारी होंगे मॉडल आंसर
परीक्षा के बाद प्रश्नों और उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा। प्राप्त आपत्तियों पर विषय विशेषज्ञों की समिति विचार करेगी। इसके बाद परिणाम जारी किया जाएगा। ESB की वेबसाइट पर विषयवार मॉडल आंसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
MSPSTET_2026_RuleBookforTeachers_17082026





