एक बदमाश से सुराग लेकर पुलिस ने पकड़ी कट्टे की तीन फैक्ट्रियां

एक बदमाश से सुराग लेकर पुलिस ने पकड़ी कट्टे की तीन फैक्ट्रियां

छतरपुर, संजय अवस्थी। बड़ामलहरा उपचुनाव के पहले छतरपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने कट्टा लेकर पकड़े गए एक बदमाश से मिले सुरागों के आधार पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित हो रही अवैध कट्टे बनाने वाली तीन फैक्ट्रियों पर दबिश देकर भारी मात्रा में असलहा एवं औजार बरामद किए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई में कट्टा फैक्ट्री के तीन संचालकों सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इन फैक्ट्रियों से बेचे गए कट्टों के मालिकों को तलाश कर रही है।

एसपी सचिन शर्मा ने बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एक प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक 7 अक्टूबर को ओरछा रोड थाना क्षेत्र के नारायणपुरा में स्थित एक मंदिर के समीप से 20 वर्षीय बदमाश सिक्सर उर्फ विक्रम परमार तनय सुरेन्द्र परमार को गिरफ्तार किया था। इसी बदमाश से पुलिस ने एक 315 बोर की लोहे की अद्दी और जिंदा कारतूस जब्त किया था। जब पुलिस ने इस अवैध कट्टे का सुराग जुटाया तो एक-एक कर जिले के तीन अलग-अलग क्षेत्रों में चल रहीं कट्टे की फैक्ट्रियां पकड़ी गई।

थाने की कमान संभालते ही माधवी अग्रिहोत्री की बड़ी सफलता

इस पूरे मामले में ओरछा रोड थाना प्रभारी और जिले की तेज तर्रार महिला सब इंस्पेक्टर माधवी अग्रिहोत्री की सूझबूझ और हिम्मत सराहनीय है। कट्टे की इन फैक्ट्रियों को पकड़ऩे का पहला सुराग उन्हीं के हाथ लगा था। माधवी अग्रिहोत्री ने अपने थाना क्षेत्र में पकड़े गए बदमाश सिक्सर उर्फ विक्रम पूछताछ की तो पता लगा कि उसने उक्त कट्टा लुगासी क्षेत्र के नरेश विश्वकर्मा से खरीदा था। इसी लिंक के आधार पर माधवी अग्रिहोत्री ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा को दी। इसके बाद एसपी ने मामले से जुड़े अन्य सुराग खंगालने के लिए तीन टीमों का गठन किया। इन टीमों ने लुगासी क्षेत्र के नरेश विश्वकर्मा की फैक्ट्री पर छापा मारा तो यहां से भारी मात्रा में असलहा और औजार बरामद हुए। एक अन्य टीम ने प्रकाश बम्हौरी थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़हरा में अजय तिवारी द्वारा संचालित की जा रही फैक्ट्री पर छापा मारा एवं यहां के चंदवारी हार में चल रही कौशल विश्वकर्मा की फैक्ट्री को भी पकड़ा। इन फैक्ट्रियों से लगभग 10 अवैध कट्टे और भारी मात्रा में हथियार बनाने वाले औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

इन्हें किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने उक्त कार्यवाही में सिक्सर उर्फ विक्रम परमार निवासी नारायणपुरा रोड, फैक्ट्री संचालक नरेश विश्वकर्मा तनय ग्यासीलाल विश्वकर्मा लुगासी, अजय तिवारी तनय शिवप्रताप तिवारी ग्राम मुड़हरा, कौशल किशोर विश्वकर्मा चंदवारी हार ग्राम मुड़हरा, पवन यादव पिता पहलवान यादव लुगासी, उत्तम यादव पिता तुलाराम यादव वार्ड नं.16 सरानी, ब्रजगोपाल अहिरवार पिता परशुराम अहिरवार ग्राम मोरबा, पंकज यादव पिता ओमप्रकाश यादव सरदारपुर, सुम्मेर सिंह पिता रूप सिंह यादव झींझन, सुरेश यादव पिता नाथूराम यादव ग्राम झींझन को गिरफ्तार किया है। उक्त कार्यवाही में 4 देशी कट्टे, 315 बोर का एक कट्टा, 12 बोर के चार कट्टे, 4 जिंदा कारतूस एवं भारी मात्रा में औजार बरामद किए गए हैं।

पुलिस की इस टीम ने दिलाई सफलता
एसपी सचिन शर्मा के निर्देशन में सीएसपी उमेश शुक्ला, प्रशिक्षु डीएसपी राजेश्वरी कौरव, नौगांव टीआई केके खनेजा, कोतवाली टीआई अरविंद दांगी, ओरछा रोड थाना प्रभारी माधवी अग्रिहोत्री, प्रकाश बम्हौरी थाना प्रभारी स्वर्णप्रभा दुबे, ब्रजेन्द्र चाचौदिया, हेमंत नायक, डीडी शाक्य, प्रदीप शर्मा, अंजना त्रिवेदी, गिरजेश राजा सहित तीन दर्जन सिपाहियों ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews