शहर में तेज आवाज में डीजे बजाकर शोर मचाने वालों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने छत्रसाल चौक के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए तेज ध्वनि में म्यूजिक बजा रहे एक मोबाइल डीजे सिस्टम को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से मॉडिफाइड महिंद्रा जीप, डीजे साउंड, लाइट सिस्टम और जनरेटर को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है।

दरअसल शहर में आए दिन तेज आवाज में बजने वाले डीजे और म्यूजिक सिस्टम से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खास तौर पर बुजुर्गों, बीमार मरीजों और पढ़ाई करने वाले बच्चों के लिए यह तेज शोर बड़ी मुसीबत बन जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर नकेल कसने के लिए यह सख्त कदम उठाया है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छत्रसाल चौक पर सड़क किनारे मोबाइल डीजे सिस्टम से बहुत ही तेज आवाज में गाने बजाए जाने की खबर मिली थी। जैसे ही पुलिस को इस बात की सूचना मिली, तुरंत एक टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। पुलिस जब वहां पहुंची, तो पाया कि वहां नियमों को ताक पर रखकर काफी तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था।

 

मौके पर मौजूद स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना कोई देरी किए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने डीजे बजाने में इस्तेमाल हो रही मॉडिफाइड महिंद्रा जीप को रोक लिया और उसमें बंधे बड़े-बड़े साउंड बॉक्स, लाइट सिस्टम और जनरेटर सहित सभी उपकरणों को जब्त कर लिया। दरसल, पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों और डीजे संचालकों के बीच हड़कंप मच गया।

झांसी निवासी ड्राइवर पर दर्ज हुआ केस

पुलिस ने इस मामले में जीप चला रहे ड्राइवर के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान किशन कुशवाहा, पिता रामेश्वर कुशवाहा, निवासी ढिमलोनी मोहल्ला, मऊरानीपुर, जिला झांसी के रूप में हुई है। दरसल, आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम और ध्वनि प्रदूषण से जुड़ी धाराओं के तहत मामला कायम किया गया है, ताकि भविष्य में कोई भी नियमों का उल्लंघन करने की हिम्मत न करे।

यह पूरी कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में और कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह की अगुवाई में अंजाम दी गई। दरसल, इस पुलिस टीम में प्रधान आरक्षक हरचरण राजपूत, शैलेंद्र सिंह सेंगर और आरक्षक अखंड प्रताप सिंह तथा घनश्याम शामिल रहे। पुलिस ने साफ़ कर दिया है कि आगे भी शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।