
छतरपुर, संजय अवस्थी। उज्जैन में जहरीली शराब के कारण हुई मौतों के बाद प्रदेश भर की पुलिस अलर्ट है। सागर रेंज के आईजी अनिल शर्मा ने सोमवार को छतरपुर के प्रवास के दौरान कहा कि जिले में कच्ची शराब के कारोबार और स्प्रिट के गलत इस्तेमाल की जांच के लिए अभियान छेड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि छतरपुर पुलिस पहले भी अवैध शराब के निर्माण और विक्रय के विरूद्ध सख्त कदम उठा रही है, लेकिन उज्जैन की घटना बेहद चिंताजनक है और इसे लेकर हम सतर्क हैं।
आईजी ने अपने वार्षिक निरीक्षण के दौरान जिले के कुछ थानों का निरीक्षण भी किया और इसके बाद वे सोमवार की दोपहर छतरपुर एसपी ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने सभी कक्षों का निरीक्षण करते हुए विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। मीडिया से रूबरू होते हुए आईजी शर्मा ने कहा कि बड़ामलहरा उपचुनाव के लिए भी पुलिस सतर्क है। अपराधी किस्म के असामाजिक तत्वों के विरूद्ध सतत् कार्यवाही की जा रही है। लोग निष्पक्ष और निर्भय होकर मतदान कर सकें पुलिस इसको लेकर पूरे कदम उठाए। इस मौके पर डीआईजी विवेक राज सिंह, एसपी सचिन शर्मा, एएसपी समीर सौरभ मौजूद रहे।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

