छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर मातगुंवा थाना पुलिस ने जिले में उर्वरक के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छतरपुर शहर के नारायणपुरा रोड स्थित अमर गार्डन में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर करीब 650 बोरी डीएपी खाद का अवैध भंडारण जब्त किया है।
मातगुंवा थाना प्रभारी अंकुर चौबे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहन क्रमांक यूप 95 एटी 6686 में लगभग 80 बोरी कथित नकली डीएपी खाद लादकर छतरपुर से बड़ा मलहरा की ओर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने वाहन को रोककर चालान व आवश्यक दस्तावेजों की मांग की, लेकिन चालक द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर उसे हिरासत में ले लिया गया।
ये भी पढ़ें
खुले मैदान और कमरों में रखी मिली खाद
वाहन चालक ओमप्रकाश रैकवार निवासी छतरपुर से सख्ती से पूछताछ करने पर नारायणपुरा रोड स्थित अमर गार्डन में अवैध खाद के मुख्य भंडारण का खुलासा हुआ। इसके तुरंत बाद कृषि विभाग के उपसंचालक अनिल कुमार मिश्रा को सूचित किया गया। पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से अमर गार्डन में दबिश दी, जहाँ दो कमरों के अंदर और खुले मैदान में बड़े पैमाने पर खाद की बोरियां रखी पाई गईं।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया
पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम और उर्वरक नियंत्रण अधिनियम के तहत वाहन चालक ओमप्रकाश रैकवार तथा अनुराग शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब खाद के मुख्य स्रोत, परिवहन और बिक्री के सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
सौरभ शुक्ला की रिपोर्ट
