
नीमच: मध्य प्रदेश-राजस्थान सीमा पर स्थित नयागांव आरटीओ चेकपोस्ट पर बकाया चालान को लेकर हुये विवाद और हंगामे के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि 19 अक्टूबर को नयागांव आरटीओ चेकपॉइंट पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक चालक ने बकाया चालान भरने की प्रक्रिया के दौरान न केवल सरकारी पीओएस (POS) मशीन तोड़ दी, बल्कि ड्यूटी पर तैनात आरक्षक के साथ धक्का-मुक्की कर हाइवे पर लंबा चक्काजाम कर दिया। इस घटना के बाद चेकपोस्ट पर हंगामे की स्थिति बन गई।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, नयागांव चेकपॉइंट पर रूटीन चेकिंग के दौरान राजस्थान की ओर से आ रहे एक ट्रक (क्रमांक RJ 49 GA 4785) को रोका गया था। ऑनलाइन दस्तावेजों की जांच में वाहन पर 27,500 रुपये के पुराने चालान पेंडिंग मिले। परिवहन विभाग के द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार उक्त ड्राइवर को नियमानुसार भुगतान करने को कहा, तो वह आक्रोशित हो गया। चालक ने चालान देखने के बहाने पीओएस मशीन हाथ में ली और उसे जमीन पर पटककर चकनाचूर कर दिया, साथ ही आरक्षक को धक्का देकर गिरा दिया।
इस अराजकता के कारण महू-नसीराबाद नेशनल हाईवे पर करीब चार घंटे तक वाहनों के पहिए थमे रहे, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आपात स्थिति में मरीजों को ले जा रही एम्बुलेंस भी इसी जाम में फंसी रहीं। घटना दशहरे के दिन होने के कारण, नीमच और जावद क्षेत्र से राजस्थान के निंबाहेड़ा में राष्ट्रीय दशहरा मेला देखने जा रहे सैकड़ों परिवार और बच्चे भूख-प्यास से बेहाल होकर बीच रास्ते में ही फंसे रहे। इसी दौरान बैरियर परिसर में बनी एक अस्थाई गुमटी में आग लगने की घटना भी हुई।
पुलिस ने मामला किया दर्ज
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे घटनाक्रम में बाहरी चालकों के साथ-साथ कुछ स्थानीय अराजक तत्व भी सक्रिय थे जिन्होंने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। ऐसे सभी उपद्रवियों की पहचान वीडियो फुटेज के जरिए की जा रही है। जावद पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि वैध दस्तावेजों के साथ चलने वाले आम चालकों को किसी तरह की असुविधा नहीं होगी, लेकिन कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



