किसानों को बड़ी सौगात: नीमच में खुलेगा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, बाइफरकेशन कमेटी गठित

कार्यालय आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक, सहकारी संस्थाएं (मध्यप्रदेश) भोपाल द्वारा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मंदसौर का पुनर्गठन कर नवीन जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित नीमच के गठन की प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी गई है।
District Cooperative Central Bank to be opened in Neemuch

District Cooperative Central Bank to be opened in Neemuch

नीमच जिले के अन्नदाताओं के लिए एक महत्वपूर्ण और राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से चली आ रही नीमच में अलग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की मांग अब मूर्त रूप लेने जा रही है। कार्यालय आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक, सहकारी संस्थाएं (मध्यप्रदेश) भोपाल द्वारा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मंदसौर का पुनर्गठन कर नवीन जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित नीमच के गठन की प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी गई है। इसके लिए शासन स्तर पर चार सदस्यीय ‘बैंक बाइफरकेशन कमेटी’ (विभाजन समिति) का विधिवत गठन कर आदेश जारी कर दिए गए हैं।

आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक दीपक सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, गठित की गई इस कमेटी में संयुक्त पंजीयक सहकारी संस्थाएं (उज्जैन) को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, संबंधित जिला बैंक के कार्यक्षेत्र के उप पंजीयक और शीर्ष बैंक के संभागीय शाखा प्रबंधक को सदस्य नियुक्त किया गया है, जबकि जिला बैंक मंदसौर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को सदस्य एवं सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

‘बैंक बाइफरकेशन कमेटी’ इसपर करेगी फोकस 

बाइफरकेशन कमेटी जिला बैंक के विभाजन के समय या उसके बाद राशि के हस्तांतरण, किसी भी प्रकार के विवाद, न्यायालयीन निर्णय के फलस्वरूप होने वाली किसी हानि के विभाजन तथा बैलेंस शीट मद के बंटवारे से जुड़े तमाम विषयों का निराकरण कर बैंक के गठन की राह  को आसान बनाएगी।

जनप्रतिनिधियों के अथक प्रयासों से मिली सफलता

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजू नागदा (मोड़ी) ने इस महत्वपूर्ण निर्णय पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, ओमप्रकाश सकलेचा, अनिरुद्ध माधव मारू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल के सतत प्रयासों से यह बड़ी सौगात मिली है। जनप्रतिनिधियों की इस पहल पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग और अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए नीमच के अलग जिला सहकारी बैंक के गठन हेतु कमेटी बनाकर इस कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया है।

जनप्रतिनिधियों ने सरकार का जताया आभार 

किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजू नागदा ने इस ऐतिहासिक कदम के लिए प्रदेश की भाजपा सरकार और शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अब तक नीमच जिले के किसानों को मंदसौर बैंक पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन नीमच का अपना अलग जिला सहकारी बैंक बनने से जिले के हजारों किसानों को खाद-बीज, कृषि ऋण और अन्य बैंकिंग योजनाओं की त्वरित व सुलभ सुविधाएं अपने ही जिले में प्राप्त होंगी।

कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट

Kamlesh Sarda
लेखक के बारे में
I'm reporter last 30 years I'm working with danik bhaskar, bansal news, patrika, the sootra, mp breaking news also View all posts by Kamlesh Sarda →
Follow Us :GoogleNews
किसानों को बड़ी सौगात: नीमच में खुलेगा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, बाइफरकेशन कमेटी गठित