बीजापुर जिले के भोपालपटनम क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन का मामला सामने आया है। शनिवार को अपने एकदिवसीय दौरे के दौरान कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने ग्रामीणों से मुलाकात की, जहां उन्होंने तेलंगाना और महाराष्ट्र में हो रहे रेत के अवैध परिवहन की शिकायत सुनी। ग्रामीणों ने विधायक के साथ मिलकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम एक ज्ञापन एसडीएम भोपालपटनम को सौंपा, जिसमें रेत के अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि भोपालपटनम के ग्राम तिमेड़, चन्दूर और तारलागुड़ा में रेत का अवैध भंडारण किया जा रहा है। स्थानीय ठेकेदार और भाजपा नेता गौतम राव पर आरोप है कि वे नियमों का उल्लंघन कर बिना फीटपास के रेत का परिवहन तेलंगाना और महाराष्ट्र कर रहे हैं। तिमेड़ में अवैध भंडारण के लिए गौतम राव पर 28 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, लेकिन उन्होंने अब तक यह राशि नहीं चुकाई। ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध परिवहन से स्थानीय स्तर पर रेत की कमी हो रही है, जिससे प्रधानमंत्री आवास योजना और सरकारी निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
रॉयल्टी चोरी के कारण सरकार को भारी नुकसान
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पहले रेत उत्खनन और परिवहन का ठेका ग्राम पंचायतों को ग्राम सभा के माध्यम से दिया जाता था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार में यह ठेका गौतम राव को दे दिया गया। इससे न केवल नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि रॉयल्टी चोरी के कारण सरकार को भारी राजस्व नुकसान भी हो रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अवैध रेत परिवहन की उच्चस्तरीय जांच की मांग
कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि अवैध रेत परिवहन से राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भोपालपटनम क्षेत्र में हो रहे अवैध रेत परिवहन की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। मंडावी ने चेतावनी दी कि यदि इस पर कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।





