Hindi News

मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट तेज, आज हो सकता है नामों का ऐलान

Written by:Saurabh Singh
Published:
राज्यपाल रमेन डेका राजभवन में उपलब्ध रहेंगे, और इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार के लिए नामों की घोषणा और शपथ ग्रहण समारोह की संभावना जताई जा रही है।
मंत्रिमंडल विस्तार की सुगबुगाहट तेज, आज हो सकता है नामों का ऐलान

छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं, और सूत्रों के अनुसार, 20 अगस्त तक नए मंत्रियों के नामों की घोषणा हो सकती है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज सुबह 11 बजे मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में होने वाली कैबिनेट बैठक में इस विस्तार पर चर्चा होने की संभावना है। साय के 21 अगस्त से शुरू होने वाले विदेश दौरे से पहले मंत्रिमंडल विस्तार को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल विस्तार के लिए नामों पर देर रात तक मंथन चला, और विधानसभा में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। रविवार देर रात दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेंद्र अग्रवाल, आरंग विधायक खुशवंत साहब, और अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इन मुलाकातों ने मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों को और हवा दी है।

नए चेहरों के नामों पर लग सकती मुहर

मंत्री बनने के लिए जशपुर की पत्थलगांव सीट से विधायक गोमती साय, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, और दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इन विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल करने की प्रबल संभावना है, जिससे क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा, मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए चेहरों के नामों पर अंतिम मुहर आज की बैठक में लग सकती है।

किसानों और उद्योगों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा

आज सुबह 9:40 से 11:30 के बीच राज्यपाल रमेन डेका राजभवन में उपलब्ध रहेंगे, और इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार के लिए नामों की घोषणा और शपथ ग्रहण समारोह की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही, कैबिनेट बैठक में किसानों और उद्योगों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी, जिनमें बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। यह बैठक मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से पहले राज्य की प्रशासनिक और विकास योजनाओं को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Saurabh Singh
लेखक के बारे में
राजनीति में गहरी रुचि. खबरों के विश्लेषण में तेज और राजनीतिक परिस्थितियों की समझ रखते हैं. देश-दुनिया की घटनाओं पर बारीक नजर और फिर उसे खबरों के रूप में लिखने के शौकीन हैं. View all posts by Saurabh Singh
Follow Us :GoogleNews