Hindi News

सीएम विष्णुदेव साय ने सूरजपुर जिले को दी बड़ी सौगात, 185 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

Written by:Ankita Chourdia
Published:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर सूरजपुर जिले का दौरा किया। उन्होंने कुदरगढ़ धाम में पूजा-अर्चना करने के साथ ही क्षेत्र के लिए 185 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कुदरगढ़ धाम के भव्य विकास और रोपवे निर्माण की भी घोषणा की।
सीएम विष्णुदेव साय ने सूरजपुर जिले को दी बड़ी सौगात, 185 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय चैत्र नवरात्रि की तृतीया तिथि पर सूरजपुर जिले के दौरे पर पहुंचे। ओड़गी विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कुदरगढ़ में स्थित प्रसिद्ध आस्था के केंद्र, माँ कुदरगढ़ी धाम में उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले को 185 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कुल 76 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 20 करोड़ रुपये की लागत से बने 52 कार्यों का लोकार्पण और 164 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन परियोजनाओं में सड़क, भवन, पेयजल, शिक्षा और नगरीय अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शामिल हैं।

कुदरगढ़ धाम का होगा भव्य विकास

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी आस्था के केंद्र कुदरगढ़ धाम का भव्य विकास किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि भक्तों की सुविधा के लिए जल्द ही यहां रोपवे का निर्माण कराया जाएगा, जिससे दर्शन और भी सुगम हो सकेंगे।

“माता के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। जब चैत्र नवरात्रि पर देवी मंदिरों में भक्तों का उत्साह देखता हूँ तो बहुत अच्छा लगता है। हमारे देवी-देवता हमारे आस्था के प्रतीक तो हैं ही, वे हमारे जीवन में उत्सव का रंग भी भरते हैं।”- विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में डोम, बिजली सहित सभी आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने का आश्वासन दिया, ताकि कुदरगढ़ धाम का समग्र और सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित हो सके।

कई जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी

अपने दौरे के दौरान, सीएम साय ने जिले में सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलों का भी शुभारंभ किया। उन्होंने सुपोषण रथ, आपराधिक जागरूकता रथ और यातायात जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के बेहतर पोषण के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ महिला और बच्चों से ही परिवार की खुशियां मजबूत होती हैं। साथ ही उन्होंने यातायात नियमों के प्रति सजग रहने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने सूरजपुर जिले में रेडी टू ईट निर्माण कार्य के माध्यम से पोषण कार्यक्रम के सफल संचालन की भी सराहना की।

इस अवसर पर कुदरगढ़ में लगभग 3.09 करोड़ रुपये की लागत से बने सर्वसुविधायुक्त नवनिर्मित विश्रामगृह भवन का भी लोकार्पण किया गया। इस आधुनिक भवन में अतिथियों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews