रायपुर: छत्तीसगढ़ के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को अब हर महीने कागज के बिल का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने एक बड़ी डिजिटल पहल करते हुए उपभोक्ताओं को सीधे उनके व्हाट्सएप पर बिजली बिल भेजने की सुविधा शुरू कर दी है। इस कदम से प्रदेश के लगभग 30 लाख उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा, जिससे बिल भुगतान की प्रक्रिया पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगी।
कंपनी के अनुसार, मीटर रीडिंग दर्ज होते ही उपभोक्ता के रजिस्टर्ड व्हाट्सएप नंबर पर पूरा बिल पीडीएफ फॉर्मेट में भेज दिया जाएगा। इसे न केवल मोबाइल में सहेजा जा सकेगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर प्रिंट भी किया जा सकता है। सबसे खास बात यह है कि बिल के साथ ही एक ‘क्लिकेबल’ ऑनलाइन पेमेंट लिंक भी होगा, जिससे उपभोक्ता घर बैठे ही तुरंत भुगतान कर सकेंगे।
फ्रॉड से बचने के लिए ब्लू टिक वेरिफाइड आईडी
ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए कंपनी ने सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा है। उपभोक्ताओं को बिजली बिल का संदेश CSPDCL की आधिकारिक और वेरिफाइड आईडी से ही भेजा जाएगा, जिस पर ब्लू टिक लगा होगा। इसके अलावा, संदेश भेजने वाला आधिकारिक मोबाइल नंबर 942555-1912 होगा, ताकि उपभोक्ता किसी भी तरह के फर्जी मैसेज को आसानी से पहचान सकें।
ऐसे 30 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
छत्तीसगढ़ में कुल 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से 40 लाख के मोबाइल नंबर कंपनी के पास पहले से रजिस्टर्ड हैं। एक अनुमान के मुताबिक, इनमें से करीब 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं। कंपनी इन सभी उपभोक्ताओं को चरणबद्ध तरीके से इस नई सुविधा से जोड़ेगी। यह सेवा हिंदी, अंग्रेजी और छत्तीसगढ़ी भाषा में उपलब्ध होगी, जिसे उपभोक्ता ‘मोर बिजली’ ऐप के माध्यम से चुन सकते हैं।
अगर आपका नंबर रजिस्टर्ड नहीं है तो क्या करें?
जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप नंबर अभी तक CSPDCL में रजिस्टर्ड नहीं है, वे इसे आसानी से दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें टोल-फ्री नंबर 1912 पर कॉल करना होगा या ‘मोर बिजली’ ऐप का उपयोग करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए उपभोक्ता को अपना 10 अंकों का बीपी नंबर और पिछले बिल भुगतान की जानकारी देनी होगी।
कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने प्रदेश के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं ताकि बिलिंग प्रक्रिया को और सुगम बनाया जा सके।





