छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर आज नवा रायपुर के सेंध जलाशय के ऊपर भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध एरोबेटिक टीम “सूर्यकिरण” ने शानदार एयर शो का प्रदर्शन किया। देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित हजारों नागरिकों ने इस रोमांचक नजारे का आनंद लिया। कार्यक्रम में आसमान में उड़ते विमानों की गूंज और भारत माता की जय के नारों से पूरा जलाशय क्षेत्र गूंज उठा।
राज्य स्थापना दिवस पर रोमांचक एयर शो
वायु सेना के जांबाज पायलटों ने सेंध जलाशय के ऊपर फाइटर प्लेन्स के साथ अद्भुत कलाबाजियां कीं। “सूर्यकिरण” टीम के विमानों ने एक के बाद एक सटीक फॉर्मेशन में उड़ान भरते हुए आसमान में तिरंगा बनाया, जिससे दर्शक भावविभोर हो उठे। इन करतबों ने न केवल अनुशासन और सटीकता का प्रदर्शन किया, बल्कि भारतीय वायु सेना की उच्च तकनीकी क्षमता को भी उजागर किया। पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर था।
एयर शो के दौरान “सूर्यकिरण” टीम के लीडर ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी ने आसमान से छत्तीसगढ़ की जनता को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं, छत्तीसगढ़ के ही स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल ने अपने कॉकपिट से “जय जोहार” और “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” कहकर दर्शकों का अभिनंदन किया। यह क्षण लोगों के लिए गर्व और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बन गया।
कई बड़ी हस्तियां हुईं शामिल
राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने एयर शो देखा और पायलटों के प्रदर्शन की सराहना की।
“सूर्यकिरण” टीम ने करीब एक घंटे तक हवा में करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विंग कमांडर ए.व्ही. सिंह के नेतृत्व में हेलीकॉप्टर यूनिट ने “आदिदेव” नामक वी-17 और वी-5 हेलीकॉप्टरों से स्काई-ऑपरेशन और स्लीपरी डेमोंस्ट्रेशन किया। इन हेलीकॉप्टरों से 15 मीटर ऊंचाई से 14 गरुड़ कमांडो रस्सियों के सहारे नीचे उतरे, जबकि आठ कमांडो हवा में लटककर उड़ान भरते दिखे। इन ऑपरेशनों को लड़ाई और आपदा के समय राहत बचाव कार्यों के लिए किया जाता है।





