दक्षिण कोरिया के सियोल में अपने प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एडवांस्ड टेक्नोलॉजी सेंटर एसोसिएशन (ATCA) के चेयरमैन ली जे जेंग और उनके प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस बैठक में छत्तीसगढ़ में निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। ATCA, जो आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और टेक्सटाइल क्षेत्र की 60 से अधिक कंपनियों का नेटवर्क है, ने छत्तीसगढ़ की कंपनियों के साथ बी2बी सहयोग में रुचि दिखाई। मुख्यमंत्री ने राज्य के निवेश-अनुकूल माहौल और संसाधनों को रेखांकित करते हुए ATCA कंपनियों को प्रत्यक्ष अवलोकन के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में IIT, IIM, NIT और AIIMS जैसे राष्ट्रीय संस्थान मौजूद हैं, जो विश्वस्तरीय प्रतिभा प्रदान करते हैं। उन्होंने ‘प्लग एंड प्ले’ इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत लॉजिस्टिक्स, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन और कुशल मानव संसाधन की उपलब्धता पर जोर दिया। साय ने कहा कि आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में निवेश से राज्य के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, जिससे छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा।
छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में बढ़ा उत्साह
मुख्यमंत्री ने सियोल में इंडियन चेम्बर ऑफ कॉमर्स इन कोरिया (ICCK) के सहयोग से आयोजित “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने दक्षिण कोरियाई कंपनियों के लिए छत्तीसगढ़ को असीम संभावनाओं की भूमि बताया। उन्होंने इस्पात, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ लिथियम जैसे खनिज संसाधनों से समृद्ध है, जो इलेक्ट्रिक वाहनों और अगली पीढ़ी के उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण है, जिससे राज्य वैश्विक ऊर्जा संक्रमण का केंद्र बन सकता है।
ICCK को बनाया गया नॉलेज पार्टनर
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ICCK को छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति 2024–30 के लिए नॉलेज पार्टनर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोरिया की नवाचार क्षमता और छत्तीसगढ़ के संसाधनों का संगम विकास का नया अध्याय रचेगा। साय ने सिंगल विंडो क्लियरेंस प्रणाली, त्वरित भूमि आवंटन और उद्योग-अनुकूल नीतियों के साथ दक्षिण कोरियाई कंपनियों के सहयोग से छत्तीसगढ़ में औद्योगिक प्रगति को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का विश्वास व्यक्त किया।





