मध्य प्रदेश के डबरा में करीब 88 करोड़ रुपये की लागत से सीवर प्रोजेक्ट का काम चल रहा है लेकिन इसमें लगातार गड़बड़ियां और अधूरे काम देखने को मिल रहे हैं। इन सब बातों से परेशान होकर वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद हैप्पी सिंह सरदार ने कड़ा कदम उठाया है।

दरअसल पार्षद ने काम की बहुत ही खराब क्वालिटी और सड़कों की बदहाल हालत पर अपनी गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने गुस्से में आकर सीवर प्रोजेक्ट का काम मौके पर ही रुकवा दिया है। इतना ही नहीं, उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों और अधिकारियों को साफ-साफ शब्दों में चार दिन का अल्टीमेटम भी दे दिया है।

पार्षद हैप्पी सिंह सरदार ने कहा

पार्षद हैप्पी सिंह सरदार ने चेतावनी दी है कि यदि तय किए गए चार दिन के भीतर काम की क्वालिटी में सुधार नहीं किया गया और सड़कों को ठीक नहीं कराया गया तो वे डबरा में सीवर लाइन का काम आगे नहीं चलने देंगे। शहर में जहां-जहां सीवर डालने के लिए सड़कें खोद दी गई हैं और काम अधूरा छोड़ दिया गया है वहां के लोग बहुत परेशान हैं।

पार्षद की मांग है कि पहले खोदी गई सड़कों को पूरी तरह से ठीक कराया जाए ताकि आम जनता को धूल और कीचड़ से राहत मिल सके। जब तक पुरानी सड़कें दुरुस्त नहीं होंगी तब तक आगे का कोई भी काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा ताकि लोगों की मुश्किलें और ज्यादा न बढ़ें।

जनता से की सड़कों पर उतरकर आवाज उठाने की अपील

हैप्पी सिंह सरदार ने डबरा की आम जनता से भी यह अपील की है कि उन्हें समय रहते जागरूक होना चाहिए। दरसल, जनता को इन गड़बड़ियों के खिलाफ खुद सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज उठानी होगी। उनका कहना है कि यदि आज इस लापरवाही का विरोध नहीं किया गया, तो आने वाले समय में शहरवासियों की परेशानियां और अधिक बढ़ जाएंगी।

उस वक्त लोगों की सुनने वाला भी कोई नहीं होगा और हर कोई सिर्फ एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टालता नजर आएगा। पार्षद का यह तेवर देखकर अब प्रशासनिक अधिकारियों और ठेकेदारों में भी हड़कंप मच गया है क्योंकि जनता का गुस्सा लगातार बढ़ता ही जा रहा है।

अरुण रजक की रिपोर्ट