
Baghana Police Station, Neemuch
नीमच जिले के हिंगोरिया क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुए घटनाक्रम में भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा सहित छह लोगों के खिलाफ बघाना थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता ने खेत पर बुलाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
एफआईआर में शिकायतकर्ता मनीष नागदा ने बताया कि वप 16 अक्टूबर 2026 को खेत पर मौजूद था। इसी दौरान जमीन के मामले को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि रोशन वर्मा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप शिकायत में लगाया गया है।
मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने के आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान लकड़ी से भी हमला किया गया, जिससे उसे चोटें आईं। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में घटना के बाद पुलिस कार्रवाई और मेडिकल परीक्षण से संबंधित विवरण भी दर्ज है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
बघाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), धारा 296(b), धारा 351(3) और धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज आकर जाँच में ले लिया है। एफआईआर में रोशन वर्मा के अलावा नवीन वर्मा और संदीप वर्मा, मोहित गोयल, दिव्यप्रकाश गोयल, राकेश साल्वी के नाम भी दर्ज हैं।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक आनंद निषाद को सौंपी गई है। फिलहाल मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच की प्रक्रिया जारी है। शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी।

