
नर्मदापुरम में प्रशासन अवैध रेत परिवहन के खिलाफ सख्त नजर आ रहा है। रेत खनन करने वाली ट्रैक्टर ट्रॉलियों को लगातार जब्त किया जा रहा है। रेत कंपनी के कर्मचारी पर हुए हमले के बाद इस कार्रवाई को और भी तेज कर दिया गया है।
लगातार खनिज विभाग की टीम अलग-अलग जगह पर कार्रवाई कर रही है। पिछले 5 दिनों में अब तक टीम ने पांच डंपर और तीन ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की है। इनमें बिना रॉयल्टी के परिवहन करने वाले और ओवरलोड रेत ले जा रहे वाहन भी शामिल हैं। इस कार्रवाई से कारोबारी में हड़कंप की स्थिति देखने को मिल रही है।
ट्रैक्टर ट्रॉली की गई जब्त
कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग ने ग्राम जासलपुर में बिना रॉयल्टी रेत ले जा रही एक ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ा है। तहसीलदार सरिता मालवीय और टीम ने माखननगर के औद्योगिक क्षेत्र मोहासा से भी बिना रॉयल्टी के परिवहन कर रही एक ट्रैक्टर ट्राली को जब्त किया है। सिवनी मालवा क्षेत्र में भी एक ट्रैक्टर ट्राली पकड़ाई है। जितने भी वाहन जब्त किए गए हैं सभी को पुलिस थाने में खड़ा कर दिया गया है।
लगातार चलेगी कार्रवाई
खनिज अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जिले में खनिज के अवैध परिवहन, उत्खनन और ओवरलोडिंग पर लगाम लगाने के लिए विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई आगे भी चलती रहेगी।
कर्मचारी पर हुआ था हमला
बता दें कि नर्मदापुरम में चार दिन पहले ही रेत कंपनी के कर्मचारी पर हमला किए जाने का मामला सामने आया था। डिवाइन सिटी कॉलोनी के पास रात में हुई इस घटना में जब कर्मचारी मोहन सिकरवार ने रेत की रॉयल्टी पूछी। तब वहां पर बात होने लगा और कुछ लोगों ने कर्मचारियों पर लाठी और रॉड से हमला किया। इतना ही नहीं उसे कुचलने की कोशिश भी की गई। इस हमले में मोहन के पैर की हड्डियां टूट गई है और 6 फ्रैक्चर हुए हैं। घटना के बाद जानलेवा हमले सहित अन्य धाराओं में छह लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

