सरकार बच्चों की पढ़ाई को लेकर उनकी सुरक्षा को लेकर तमाम तरह के दावे करती है और दम भरती है कि सूबे के स्कूलों में सब सुरक्षित हैं लेकिन सड़क पर इन्हीं बच्चों और स्कूल स्टाफ के साथ जो हो रहा है वो चिंता में डालने वाला है। सूबे के दमोह से एक ऐसी ही खबर है जो इलाके के दबंगों की दबंगई और मनचलों की हिमाकत की बड़ी प्रमाण है इस घटनाक्रम ने इलाके में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए है।
दमोह के एसपी ऑफिस पहुंचे स्कूली बच्चों और टीचिंग स्टाफ ने जो आपबीती बताई है उसे जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे क्योंकि यहां दबंग स्कूल प्रबंधन भर को नहीं धमकाते बल्कि स्कूली बच्चों को नदी के पुल से फेंकने की धमकी देते है, उन्हें स्कूल आने से रोकते हैं उनकी किताबें फेंकते हैं और टीचिंग स्टाफ को सरेराह छेड़ते है लेकिन इन्हें रोकने वाला कोई नहीं है।
दरअसल जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के जेरठ गांव में एक निजी स्कूल है जिसका नाम माधव पब्लिक स्कूल है जहां आसपास के दर्जन भर से ज्यादा गांवों के बच्चे पढ़ने के लिए आते है। इन बच्चों को लाने ले जाने के लिए मिनी बस और ऑटो लगाए गए हैं पिछले कुछ दिनों से जब ये बच्चे स्कूल आते जाते हैं तो उन्हें रोककर धमकाया जाता है और स्कूल स्टाफ के साथ बदसलूकी की जाती है। ये काम गांव के ही दो मनचले, दबंग युवक करते हैं।
बच्चे और महिला टीचर्स में डर, दहशत
बच्चों और स्टाफ ने एडिशनल एसपी को बताया कि कई महीनों से गांव के दीपराज लोधी और छोटू लोधी के साथ उनकी गैंग से परेशान कर रहा है, आलम ये है कि बच्चे और महिला टीचर्स डर और दहशत में स्कूल आने को तैयार नहीं है। कल शुक्रवार को एक महिला स्टाफ के साथ इन लोगों ने उसके पति की मौजूदगी में छेड़छाड़ की और जब पति ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई।
सरपंच बोलीं, खुलेआम अवैध शराब,गांजा बेचते हैं
स्कूली बच्चों के साथ पुलिस के पास पहुंची सरपंच आरती लोधी ने कहा ये दबंग गांव में खुलेआम अवैध शराब और गांजा बेचने का काम करते है, तमाम तरह की अवैध गतिविधियों ने लिप्त है, पुलिस थाने में कई अपराध दर्ज है, प्रभावी पुलिस कार्रवाई नहीं होने से इनकी हिम्मत बढती जा रही है। स्कूल स्टाफ ने कहा दो साल पहले भी इन लोगों के द्वारा स्कूल स्टाफ को धमकाया और छेड़छाड़ की गई थी जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी कार्यवाही भी हुई आरोपी जेल भी गया जेल से छूटने के बाद पुनः परेशान कर रहे हैं ।
एसडीओपी को कार्रवाई करने के निर्देश
स्कूल के हेडमास्टर प्रकाश लोधी के मुताबिक आज भी जब वो बच्चों को लेकर एसपी के यहां आ रहे थे तब भी इन दबंगों ने रोका अश्लील हरकते की गाली गलौज की जिसका एक वीडियो भी उन्होंने बनाया है। बच्चों और स्कूल स्टाफ और प्रबंधन की बातें सुनने के बाद एडिशनल एसपी ने तत्काल ही पथरिया थाना पुलिस को आदेश दिए है कि दीपराज लोधी, छोटू लोधी और उनकी गैंग पर कार्यवाही करें और बच्चों को दहशत से बाहर लाएं।
[dgv_vimeo_video id=”1134887702″]
[dgv_vimeo_video id=”1134887798″]
[dgv_vimeo_video id=”1134887882″]
[dgv_vimeo_video id=”1134887983″]
दमोह से दिनेश अग्रवाल की रिपोर्ट
