दतिया: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को दतिया को विकास, नवाचार और किसान समृद्धि का एक रोल मॉडल बताते हुए जिले को 529 करोड़ रुपये की 71 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। सेवढ़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने 299.32 करोड़ रुपये के 50 कार्यों का लोकार्पण और 230.44 करोड़ रुपये के 21 नए कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं, जिनमें 475 करोड़ की नई सड़क और 2200 करोड़ की रतनगढ़ सिंचाई परियोजना शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया में एयरपोर्ट और वंदे भारत ट्रेन जैसी सुविधाओं से दिल्ली अब कुछ ही घंटों की दूरी पर है। उन्होंने बताया कि मां पीताम्बरा लोक का निर्माण भी तेजी से चल रहा है, जिससे जिले में धार्मिक पर्यटन को नए पंख लगेंगे।

किसानों और सिंचाई पर बड़ा दांव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम यादव ने क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि लगभग सवा दो हजार करोड़ रुपये की लागत वाली रतनगढ़ सिंचाई परियोजना से इस क्षेत्र के 40 हजार से अधिक किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना का भी भरपूर लाभ दतिया के किसानों को मिलेगा।
“हम दतिया को विकास का केन्द्र बनाकर रहेंगे। हमारी सरकार आने तक प्रदेश का सिंचाई रकबा 44 लाख हेक्टेयर था, जो पिछले डेढ़-दो साल में बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर से अधिक हो चुका है।”- डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री
उन्होंने बताया कि जिले में पिछले दो सालों में 7 लघु सिंचाई परियोजनाओं का निर्माण हुआ है, जिससे कृषि उत्पादन में तेजी आई है। इसके अलावा, 1.37 लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और 1.26 लाख किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ मिल रहा है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए शासकीय गौ-शालाओं का अनुदान 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गाय कर दिया गया है।
कनेक्टिविटी और अधोसंरचना को नई गति
मुख्यमंत्री ने जिले की अधोसंरचना को मजबूत करने वाले कई कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें प्रमुख रूप से 47.96 करोड़ रुपये की लागत से सिंध नदी पर बना नवीन उच्चस्तरीय पुल शामिल है, जिससे करीब 200 गांवों को सीधा फायदा होगा। इसके अलावा, जल जीवन मिशन के तहत 53.20 करोड़ रुपये से 122 गांवों की नल-जल योजनाओं का भी लोकार्पण किया गया। सीएम ने कहा कि एक समय था जब दतिया पेयजल संकट से जूझता था, आज हर घर में नल से जल पहुंच रहा है।
नई घोषणाओं के तहत, दतिया से बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 475 करोड़ रुपये से नई सड़क बनाने का ऐलान किया गया। साथ ही, इंदरगढ़ में 8.5 किलोमीटर लंबा बायपास और एक नवीन बस स्टैंड बनाया जाएगा। सेवढ़ा में एक नया इंडोर स्टेडियम बनाने और नगर परिषद के विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की गई।

शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण
शिक्षा के क्षेत्र में, सीएम यादव ने ग्राम बसई में 40 करोड़ रुपये की लागत से बने जिले के पहले सांदीपनी विद्यालय और 31 करोड़ रुपये की लागत से बड़ौनी में बने मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का लोकार्पण किया। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अगले सत्र से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों को नि:शुल्क दूध बांटा जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने ‘राहवीर योजना’ का जिक्र किया, जिसके तहत सड़क हादसों में घायलों को डेढ़ लाख का नि:शुल्क इलाज मिलेगा और घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। उन्होंने यह भी बताया कि इसी साल प्रदेश में सरकारी बसों की शुरुआत की जाएगी।






