अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, महिला ने खुद को लगाई आग, कमलनाथ ने सरकार को घेरा

अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, महिला ने खुद को लगाई आग, कमलनाथ ने सरकार को घेरा

देवास। अमिताभ शुक्ला |

मध्य प्रदेश के देवास जिले में शासकीय जमीन से अतिक्रमण को हटाने गई राजस्व और पुलिस की टीम के सामने एक महिला ने खुद को आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास किया| उसे इलाज के लिए इंदौर भेजा गया है| बताया जा रहा महिला 20 प्रतिशत झुलस गई। मामले का वीडियो सामने आने के बाद सियासत गरमा गई। पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई कांग्रेस नेताओं ने ट्वीट कर शिवराज सरकार पर निशाना साधा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सतवास थाना क्षेत्र के अतवास गांव में राजस्व और पुलिस विभाग की टीम शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी| इस दौरान करीब दर्जनभर लोगों ने हमला कर दिया। इतना ही नहीं, खड़ी फसल पर जेसीबी चलते देखकर एक महिला ने पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। हमले में पटवारी किशोर चावरे के कान में गंभीर चोट पहुंची, वहीं राजस्व निरीक्षक राजेंद्र धुर्वे व पटवारी दिलीप जाट को भी चोट पहुंची। पुलिस का कहना है कि महिला और उसके परिजन ने अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन की टीम पर पथराव किया था। महिला किसान ने आत्मदाह कर दबाव डालने की कोशिश की है। पथराव करने वाले 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। महिला का आरोप है कि नाले की जमीन के बहाने हमारे खेत की खड़ी फसल पर जेसीबी चलाई जा रही थी।

कमलनाथ ने सरकार पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा है| उन्होंने लिखा- जो खुद को मामा कहलवाते हैं, उनके राज में आज एक बहन खुद को आग के हवाले कर रही है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा- शिवराज सिंहजी खड़ी फसल पर जेसीबी चलाना कहां का न्याय है? कांग्रेस ने ट्वीट किया – शिवराजजी, महामारी और मौत के बीच तो कम से कम जनता को मत मारो..! “शवराज चरम पर है”

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews