मध्यप्रदेश के धार जिले से रिश्वतखोरी का संबंधित एक नया मामला सामने आया है जहां इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुये पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बदनावर ग्रामीण कार्यालय में पदस्थ लाइन परिचालक सौरभ कुमार जैन को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा है।

बता दें कि आरोपी पर शिकायतकर्ता के पिता के नाम पर दर्ज अस्थायी बिजली कनेक्शन को स्थायी कराने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी पहले ही 10 हजार रुपये नकद और 5 हजार रुपये ऑनलाइन ले चुका था।

क्या है पूरा मामला?

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, बदनावर तहसील अंतर्गत ग्राम बालोदा माझी निवासी राजेश दास उम्र 38 साल, ने 22 अक्टूबर को इंदौर लोकायुक्त पुलिस कार्यालय में एक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने पिता के नाम दर्ज अस्थायी बिजली कनेक्शन को स्थायी कराने के लिए लाइन परिचालक सौरभ कुमार जैन को आवेदन और दस्तावेज दिए थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अब तक आरोपी को 15 हजार रुपये दे चुका था, जबकि शेष राशि में से 4 हजार रुपये देने के लिए आरोपी लगातार दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर राजेश दास ने 22 अक्टूबर को लोकायुक्त कार्यालय, इंदौर में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस एसपी राजेश सहाय ने निर्देश पर इस पूरे मामले की जांच कराई। रिश्वत मांगने की पुष्टि के बाद एसपी के निर्देश पर लोकायुक्त पुलिस की टीम गठित की गई एवं आरोपी को पकड़ने के लिये रणनीति तैयार की।

लोकायुक्त ने आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा

लोकायुक्त की योजना के तहत जैसे ही किसान राजेश दास ने बदनावर स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय में लाइनमैन सौरभ कुमार जैन को 4 हजार रुपये दिए, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।