MP Breaking News

धार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र बनाने वाला फोटो कॉपी सेंटर संचालक गिरफ्तार, मिली थाने की नकली सील

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
धार पुलिस ने फर्जी अस्थायी चरित्र प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में फोटो कॉपी सेंटर के संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से थाना मनावर की फर्जी रबर सील, लैपटॉप और दस्तावेज बरामद किए हैं।

धार: मध्यप्रदेश के धार​ जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां पुलिस ने फर्जी अस्थायी चरित्र प्रमाण पत्र के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फोटोकॉपी सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से थाना मनावर की फर्जी रबर सील, लैपटॉप एवं फर्जी प्रमाण पत्रों की प्रतियां बरामद की हैं।

बता दें कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के लैपटॉप से 27 चरित्र प्रमाण पत्र और शपथ पत्र मिलने की जानकारी सामने आई है। मामला आदित्य फोटोकॉपी सेंटर से जुड़ा है। पुलिस ने सेंटर पर दबिश देकर जांच की। जहां पता चला कि कथित तौर पर 500 रुपये लेकर चरित्र प्रमाण पत्र तैयार किए जाते थे।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन और एसडीओपी मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

500 रुपये लेकर तैयार करता था फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र

एसडीओपी ब्रजेश कुमार मालवीय ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि शनिवार, 29 अगस्त को थाना मनावर क्षेत्र में जानकारी मिली थी कि मनावर स्थित आदित्य फोटो कॉपी सेंटर का संचालक अपनी दुकान पर थाना मनावर की फर्जी रबर सील लगाकर फर्जी अस्थायी चरित्र प्रमाण पत्र तैयार कर लोगों को दे रहा है और इसके एवज में 500 रुपये वसूल रहा है। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक आदित्य को गिरफ्तार किया गया।

दुकान की तलाशी में मिली थाने की फर्जी रबर सील

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुकान की तलाशी लेने पर पुलिस को थाना प्रभारी, पुलिस थाना मनावर के नाम एवं फोन नंबर वाली रबर सील, विभिन्न प्रमाण पत्रों की फोटोकॉपी तथा एक लैपटॉप बरामद हुआ। जिसके माध्यम से आरोपी फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करता था। पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है एवं सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त कर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

धार से मोहम्मद अंसार की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews