धार में दर्दनाक सड़क हादसा, कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे गिरी, 20 से ज्यादा घायल

धार में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल की रेलिंग तोड़कर करीब 20-25 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए, जिनमें 7 की हालत गंभीर है।
Dhar Accident News

धार: मध्य प्रदेश के धार जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां सोमवार के आखिरी सोमवार के दिन कांवड़ियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए है, इनमें से 7 की हालत गंभीर है जिन्हें इलाज के लिए इंदौर रैफर कर दिया गया है।

बता दें कि कुक्षी-बड़वानी पुराने मार्ग पर कड़माल नाले के पुल से गुजरते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल की रेलिंग और रिटेनिंग वॉल को तोड़ते हुए करीब 20 से 25 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

ग्रामीणों ने खुद शुरू किया राहत-बचाव कार्य

बताया जा रहा है कि हर साल की तरह इस वर्ष भी कांवड़िए भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए कोटेश्वर से जल भरने जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर का स्टेयरिंग फेल होने की वजह से यह बड़ा हादसा हो गया। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने एंबुलेंस सेवा को सूचना दी लेकिन काफी देर तक मदद नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने अपने निजी वाहनों की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही शासन-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से पुलिया के नीचे गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, पुलिस-प्रशासन की टीम हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews