धार में त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए फूड सेफ्टी विभाग ने कई जगह कार्रवाई की। दरअसल मंगलवार को दूध, मावा, पनीर, घी, मिठाई, नमकीन, हल्दी पाउडर और खाद्य तेल के कुल 14 नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए भोपाल की लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान डेयरी सेंटर, मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट और किराना स्टोर की जांच की गई।
दरअसल त्योहारों के दौरान दूध और उससे बने प्रोडक्ट के साथ मिठाई, नमकीन और दूसरी खाने-पीने की चीजों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए धार जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने अलग-अलग इलाकों में नमूने लेने का अभियान चलाया। टीम ने दूध संकलन केंद्रों से लेकर डेयरी, स्वीट्स शॉप, रेस्टोरेंट और किराना दुकानों तक पहुंचकर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
ये भी पढ़ें
धार में डेयरी और मिठाई की दुकानों से लिए गए नमूने
वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने धार के शिवम दूध संकलन केंद्र, मांडव लिंक रोड से मिक्स मिल्क के दो नमूने लिए। वहीं नौगांव स्थित अनिक मिल्क प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड के मिल्क चिलिंग सेंटर से गाय के दूध के दो नमूने लिए गए। धार के तिरुपति नगर स्थित श्री डेयरी से मावा, खुले घी और पनीर के सैंपल लिए गए। पीथमपुर के सागौर कुटी चौराहे पर स्थित पद्म श्री स्वीट्स से मावा और मिल्क केक मिठाई के नमूने लिए गए। टीम ने इसी इलाके के श्री कृष्णा किराना स्टोर से पैक हल्दी पाउडर का सैंपल भी लिया। इन नमूनों को जांच के लिए भोपाल भेजा गया है। लैब में जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
राजोद में भी फूड सेफ्टी विभाग की जांच
दरअसल धार जिले के सरदारपुर तहसील में भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। राजोद स्थित श्रीनाथ रेस्टोरेंट से खुली सेव और मिल्क केक मिठाई के नमूने लिए गए जबकि मधुर रेस्टोरेंट से खुली बर्फी का सैंपल लिया गया। ग्राम लाबरिया के महाकाल रेस्टोरेंट से रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया। इस तरह अभियान में दूध से बने उत्पादों के साथ मिठाई, नमकीन और खाद्य तेल को भी शामिल किया गया।
विभाग के मुताबिक कुल 14 नमूनों में दूध के चार, घी का एक, पनीर का एक, हल्दी पाउडर का एक, मावा के दो, सोयाबीन तेल का एक, मिठाई के तीन और सेव का एक नमूना शामिल है। नमूने लेने के दौरान संबंधित दुकानों और प्रतिष्ठानों के संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। खास तौर पर खाद्य पदार्थों को स्वच्छ तरीके से रखने और दुकान में साफ-सफाई पर ध्यान देने को कहा गया।
