
भोपाल। मध्य प्रदेश के 165 किसानों के लिए इस बार राज्य का स्थापना दिवस खास होने वाला है। प्रदेश के 55 जिलों से चुने गए इन किसानों को पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर दिए जाएंगे। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के तहत आयोजित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में 15 हजार से अधिक किसानों ने सभी सवालों के सही जवाब दिए थे। इनमें से 165 विजेताओं का चयन लॉटरी के जरिए किया गया है। प्रत्येक जिले से तीन किसानों को पुरस्कार मिलेगा। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्थापना दिवस समारोह के दौरान विजेताओं को पुरस्कार देंगे, जबकि अन्य जिलों में प्रभारी मंत्री पुरस्कार वितरित करेंगे।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के लिए 55 ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के लिए 55 बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार के लिए 55 ई-स्कूटर रखे गए हैं। भोपाल जिले में संदीप वर्मा प्रथम, सुहानी राजपूत द्वितीय और समीर गौड़ तृतीय पुरस्कार के विजेता बने हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन्हें भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पुरस्कार प्रदान करेंगे।
40 हजार किसानों ने लिया हिस्सा, 15,298 को मिले पूरे अंक
किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता का आयोजन 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक किया गया था। इसमें किसानों से कृषि विकास, किसान कल्याण और सरकारी योजनाओं से जुड़े 24 सवाल पूछे गए थे। प्रत्येक सवाल का सही जवाब देने पर एक अंक मिलता था और सभी सवालों के जवाब देने के लिए 24 मिनट का समय निर्धारित था। गलत जवाब देने या सवाल छोड़ने पर अंक नहीं काटे जाते थे।
इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में लगभग 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया। इनमें 15,298 प्रतिभागियों ने 24 में से 24 अंक हासिल किए। सभी सवालों के सही जवाब देने वाले किसानों की जिलेवार सूची तैयार की गई और इसके बाद 27 अक्टूबर को चयन समिति की निगरानी में लॉटरी निकाली गई। इसी प्रक्रिया से प्रत्येक जिले के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार विजेता तय किए गए।
पूरे अंक हासिल करने वालों में 13,091 पुरुष, 2,201 महिलाएं और छह अन्य श्रेणी के प्रतिभागी शामिल थे। इनमें 19 से 40 वर्ष आयु वर्ग के 9,408, जबकि 40 वर्ष से अधिक उम्र के 5,782 प्रतिभागी थे। इसके अलावा 18 वर्ष तक की आयु के 108 प्रतिभागियों ने भी सभी सवालों के सही जवाब दिए।

ग्वालियर से कृष्णा रावत, मुरैना से रामजी लाल धाकड़ और भिंड से जगमोहन बघेल को मिलेगा ट्रैक्टर
प्रदेश के सभी 55 जिलों से प्रथम पुरस्कार के लिए एक-एक किसान चुना गया है। ग्वालियर जिले से कृष्णा रावत, मुरैना से रामजी लाल धाकड़, भिंड से जगमोहन बघेल, दतिया से जितेंद्र अहिरवार और श्योपुर से विपिन रावत को ट्रैक्टर मिलेगा। इसी तरह शिवपुरी से उमेश कुमार लोधी, गुना से अंगूरी अग्रवाल और अशोकनगर से उपेंद्र यादव प्रथम पुरस्कार के विजेता बने हैं।
भोपाल से संदीप वर्मा, सीहोर से हर्ष यादव, रायसेन से सतमेश बघेल, राजगढ़ से नवीन मीणा, विदिशा से प्रसेन सिंह, बैतूल से कमरजा काले, नर्मदापुरम से वीरेंद्र लोवंशी और हरदा से कपिल जाट को भी ट्रैक्टर पुरस्कार के लिए चुना गया है।
इंदौर से जितेंद्र मौर्य, उज्जैन से रोहित अंजना, देवास से मनोहर पंवार, रतलाम से जितेंद्र गुर्जर, शाजापुर से तेजकुंवर बाई परमार, आगर मालवा से पवन कुमार, मंदसौर से खुमान सिंह और नीमच से जुगल गरासिया प्रथम पुरस्कार प्राप्त करेंगे।
धार से किशोर यादव, अलीराजपुर से कलम सिंह डुडवे, झाबुआ से नरेंद्र पोरवाल, खरगोन से श्याम पाटीदार, बड़वानी से राकेश सस्ते, खंडवा से विनोद पंवार और बुरहानपुर से पवन गढ़वे को भी ट्रैक्टर मिलेगा।

सागर, जबलपुर, रीवा समेत अन्य जिलों के विजेता भी घोषित
सागर से जयहिंद राजपूत, दमोह से संध्या जैन, पन्ना से श्री कृष्ण पटेल, छतरपुर से जसवंत सिंह, टीकमगढ़ से अखलेश यादव और निवाड़ी से राजेंद्र कुमार कुशवाहा को प्रथम पुरस्कार के लिए चुना गया है।
जबलपुर से अनिल पटेल, कटनी से राजाराम पटेल, नरसिंहपुर से अरविंद कुमार मेहरा, छिंदवाड़ा से चंद्रा चंद्रवंशी, पांढुर्ना से लक्ष्मीकांत किंकर, सिवनी से विकास पंचेश्वर, मंडला से शालू बड़गैयां, डिंडौरी से विकास ठाकुर और बालाघाट से दिवला पटले ट्रैक्टर पुरस्कार के विजेता बने हैं।
रीवा से संतोष द्विवेदी, सिंगरौली से आशीष सिंह, मऊगंज से दिनेश कुशवाहा, शहडोल से ब्रजराज सिंह जोधावत, अनूपपुर से चंदन सिंह, उमरिया से राम प्रमोद गुप्ता, सीधी से प्रांशु गुप्ता, सतना से विद्या सोनी और मैहर से कृष्णा तिवारी को भी प्रथम पुरस्कार मिलेगा।

ऑनलाइन देख सकते हैं सभी 165 विजेताओं के नाम
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार और वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं और कृषि से जुड़ी जानकारी देना था। उन्होंने इसे पुरस्कारों के लिहाज से देश में अपनी तरह की पहली और सबसे बड़ी पहल बताया।
प्रतियोगिता का आयोजन मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास, संस्कृति संचालनालय और जनसंपर्क विभाग ने किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग और कृषि अभियांत्रिकी संचालनालय के सहयोग से किया था।
सभी 165 विजेताओं की सूची ऑनलाइन जारी कर दी गई है। किसान अपने जिले के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार विजेताओं के नाम आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
विजेताओं की पूरी सूची: https://quiz.veerbharatnyas.com/vijeta

