
MP IAS-IPS Transfers
मध्य प्रदेश शासन ने जहरीली शराब और अवैध शराब पर कड़ा एक्शन लिया है, शासन ने इस मामले में चर्चा में आये देवास और सागर जिलों में पदस्थ कलेक्टर और एसपी को वहां से हटा दिया है और नए अधिकारियों की पदस्थापना की है, नव पदस्थ अधिकारियों को तत्काल ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग ने आज मंगलवार को प्रशासनिक सर्जरी की, सामान्य प्रशासन विभाग ने 5 IAS अधिकारियों के तबादले किये वहीं गृह विभाग ने 4 IPS अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किये हैं, इन तबादलों में देवास और सागर जिलों के अफसरों के नाम शामिल हैं।
गौरतलब है कि देवास में पिछले दिनों जहरीली शराब पीने से करीब 13 लोगों की जान चली गई वहीं सागर में भी अवैध शराब के मामले सामने आये, इन मामलों को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर हमले किये और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाये, आरोप लगाये गए कि पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से अवैध जहरीली शराब की बिक्री हो रही है इनपर एक्शन होना चाहिए, सरकार ने भी हालात को समझकर एसपी-कलेक्टर को वहां से हटाने का फैसला कियाऔर आज उनके तबादले कर दिए।
शासन ने देवास और सागर जिले के कलेक्टर को हटाया
शासन ने देवास कलेक्टर ऋतुराज को वहां से हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग में बतौर उप सचिव पदस्थ कर दिया और उनकी जगह सिवनी कलेक्टर नेहा मीणा को पदस्थ कर दिया वहीं सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल को हटाकर प्रबंध संचालक राज्य पर्यटन विकास निगम भोपाल भेज दिया और उनकी जगह राज्य पर्यटन विकास निगम भोपाल में पदस्थ प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव को सागर भेज दिया, तबादला आदेश में शासन ने अंजू अरुण कुमार का भी ट्रांसफर किया है उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव के पद से हटाकर सिवनी कलेक्टर बनाया है।
पुलिस अधीक्षकों के भी तबादले
गृह विभाग ने भी एक्शन लिया और देवास के एसपी पुनीत गहलोत को वहां से हटाकर पीएचक्यू में बतौर सहायक पुलिस महानिरीक्षक पदस्थ कर दिया और उनकी जगह बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा को पदस्थ कर दिया वहीं सागर एसपी अनुराग सुजानिया को हटाकर उन्हें भी सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल भेज दिया और उनकी जगह SAF की 14 वीं बटालियन ग्वालियर में पदस्थ संजीव कुमार सिन्हा को एसपी पदस्थ कर दिया।



