IND vs NZ: भारत ने लगाई जीत की हैट्रिक, न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया, अभिषेक शर्मा का तूफानी शतक, पढ़ें मैच का पूरा अपडेट

भारत ने वेलिंगटन में खेले गये तीसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों में 113 रन और वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों में 45 रन बनाकर भारत को 13.2 ओवर में जीत दिलाई।
IND vs NZ 3rd T20 Match

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार को वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। अब भारत की नजरें क्लीन स्वीप पर होंगी। इस मैच के हीरो अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंंने 35 गेंदों पर तूफानी शतक जड़ा। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने भी ओपन‍िंग पोजीशन पर शानदार पारी खेली।

खास बात यह रही कि भारत की यह न्यूजीलैंड के ख‍िलाफ न्यूजीलैंड की धरती पर लगातार तीसरी टी20 सीरीज जीत रही। तीसरे मैच में एक बार फिर अभिषेक शर्मा की धुंआधार पारी देखने को मिली। अभिषेक शर्मा टी20 में अपना चौथा शतक जड़ते हुये 38 गेंद में 11 छक्के और 8 चौके की मदद से 113 रनों की पारी खेली। इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंद में 45 रनों का योगदान दिया।

बता दें कि तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल की 89 रनों की पारी की बदौलत 20 ओवर में 198 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंद शेष रहते 199 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारतीय टीम ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

बता दें कि इस मुकाबले में भारत ने एक विश्व रिकॉर्ड भी बना लिया है। भारत ने केवल 5 ओवर यानी 30 बॉल में ही 100 रन पूरे कर लिए। ये एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इससे पहले साल 2021 में सर्बिया के​ खिलाफ रोमानिया की टीम ने 5.2 ओवर में 100 रन बनाने में कामयाबी हासिल की थी। ये तो फुल मैंबर हों या ना हों, टी20 इंटरनेशनल मैच का नया रिकॉर्ड है। साल 2023 में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 5.3 ओवर में 100 रन बनाए थे।

तीसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी

बता दें​ कि पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम का पहला विकेट दूसरे ओवर में ही गिर गया था। टिम सीफर्ट सिर्फ 2 रन बनाकर अर्शदीप सिंह की गेंद पर आउट हो गये थे। इसके बाद फिन एलन और डेरिल मिचेल ने संभलकर खेलते हुए दूसरे विकेट के लिए 86 रनों की पार्टनरशिप की। एलन 40 रन बनाकर नीतीश रेड्डी का शिकार बने। अपना 100वां टी20 मैच खेल रहे ग्लेन फिलिप्स भी 17 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर आउट हो गए। मुश्किल वक्त में मिचेल का साथ देने बेवन जैकब्स आए और दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 75 रनों की शानदार और नाबाद साझेदारी की। डेरिल मिचेल ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 89 रनों की नाबाद पारी खेली, वहीं जैकब्स ने भी नाबाद 39 रनों का अहम योगदान दिया।

भारतीय टीम की धमाकेदार शुरूआत, अभिषेक शर्मा का शतक

न्यूजीलैंड ने भारत को 198 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की टीम शानदार शुरूआत की। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और ​अभिषेक शर्मा ने आते ही चौके छक्कों की झड़ी लगा दी। सूर्यवंशी ने बेहद आक्रामक अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 19 गेंदों पर 45 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस अहम पारी में 4 चौके और इतने ही छक्के लगाये। वहीं, अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड की धरती पर ऐसी तूफानी पारी खेली की इतिहास की रच दिया।

बता दें कि अभिषेक शर्मा ने अपना दूसरा सबसे तेज शतक लगाते हुये सिर्फ 38 गेंदों पर 113 रनों की शानदार पारी खेली। शर्मा की इस पारी में 9 चौके और 11 छक्के शामिल थे। अभिषेक और वैभव ने पहले 6 ओवर में ही 118 रन बना दिए थे। इसके बाद क्रीज पर आए संजू सैमसन ने 18 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर 5 रन बनाकर आउट हुए। इन शानदार और ताबड़तोड़ पारियों के दम पर भारतीय टीम ने इस बड़े लक्ष्य को बेहद आसानी से महज 13.2 ओवरों में ही हासिल करके मैच अपने नाम कर लिया।

भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमों का स्क्वॉड

भारत का स्क्वॉड: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव, मयंक यादव, कुलदीप यादव, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी।

न्यूजीलैंड का स्क्वॉड: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जेमिसन, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जोश क्लार्कसन, जैकब डफी, बेवन जैकब्स, एडम मिल्ने और ब्लेयर टिकनर।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews