‘आश्रम 4’ का इंतजार खत्म! बाबा निराला की वापसी पर बड़ा अपडेट, शूटिंग डेट आई सामने

बॉबी देओल एक बार फिर बाबा निराला बनकर दर्शकों के बीच लौटने की तैयारी में हैं। निर्देशक प्रकाश झा की सुपरहिट वेब सीरीज 'एक बदनाम... आश्रम' का चौथा सीजन जल्द फ्लोर पर जाने वाला है। अगस्त के मध्य से शूटिंग शुरू होने की खबर है। वहीं, पुरानी स्टारकास्ट भी इस बार कहानी को आगे बढ़ाती नजर आएगी।
बाबा निराला की वापसी तय! अगस्त से शुरू होगी बॉबी देओल की 'आश्रम 4' की शूटिंग

बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल की सबसे चर्चित वेब सीरीज ‘एक बदनाम… आश्रम’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे समय से चौथे सीजन का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अच्छी खबर है। जानकारी के मुताबिक, ‘आश्रम 4’ की शूटिंग अगस्त के मध्य से शुरू होने वाली है। एक बार फिर बॉबी देओल बाबा निराला के किरदार में नजर आएंगे, जिसने उन्हें ओटीटी की दुनिया में नई पहचान दिलाई थी।

बताया जा रहा है कि चौथे सीजन में भी पिछली कास्ट लगभग वही रहेगी। बॉबी देओल के साथ अदिति पोहंकर और चंदन रॉय सान्याल अपनी पुरानी भूमिकाओं में दिखाई देंगे। कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां तीसरे सीजन का अंत हुआ था। हालांकि मेकर्स ने अभी यह साफ नहीं किया है कि यह सीजन सीरीज का आखिरी हिस्सा होगा या आगे भी इसकी कहानी जारी रहेगी।

आश्रम 4 में फिर दिखेगा बाबा निराला का खेल

निर्देशक प्रकाश झा की यह वेब सीरीज साल 2020 में शुरू हुई थी और रिलीज होते ही चर्चा में आ गई थी। इसकी कहानी एक ऐसे स्वयंभू बाबा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धर्म और आस्था की आड़ में कई गैरकानूनी काम करता है। सत्ता, पैसा और प्रभाव का इस्तेमाल कर वह अपने साम्राज्य को लगातार मजबूत करता है।

बॉबी देओल ने बाबा निराला के किरदार को जिस अंदाज में निभाया, उसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। वहीं चंदन रॉय सान्याल ने भोपा स्वामी के रोल में और अदिति पोहंकर ने पम्मी के किरदार में अपनी अलग पहचान बनाई। तीसरे सीजन के अंत में कई ऐसे सवाल छोड़ दिए गए थे, जिनके जवाब अब चौथे सीजन में मिलने की उम्मीद है। यही वजह है कि फैंस नए सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

आश्रम ने बदली बॉबी देओल की ओटीटी पहचान

‘आश्रम’ सिर्फ एक वेब सीरीज नहीं रही, बल्कि इसने बॉबी देओल के करियर को भी नई दिशा दी। लंबे समय बाद उन्होंने इस सीरीज के जरिए दमदार वापसी की और उनका नकारात्मक किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इसके बाद उन्हें कई बड़े प्रोजेक्ट्स मिलने लगे और ओटीटी के साथ-साथ फिल्मों में भी उनकी मांग बढ़ी।

अब तक ‘आश्रम’ के तीन सीजन रिलीज हो चुके हैं। पहला सीजन अगस्त 2020 में आया था, जबकि दूसरा सीजन उसी साल नवंबर में रिलीज हुआ। तीसरे सीजन को दो हिस्सों में रिलीज किया गया, जिसका पहला भाग जून 2022 और दूसरा भाग फरवरी 2025 में दर्शकों के सामने आया। अब चौथे सीजन की शूटिंग शुरू होने की खबर ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो बॉबी देओल जल्द फिल्म ‘अल्फा’ में भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ आलिया भट्ट, शरवरी वाघ और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ऐसे में साल 2026 बॉबी देओल के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है। एक तरफ उनकी बड़ी फिल्म रिलीज होने वाली है, तो दूसरी तरफ ‘आश्रम 4’ के जरिए वह एक बार फिर अपने सबसे चर्चित किरदार बाबा निराला के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews