देश की जानी-मानी और दिग्गज गायिका आशा भोसले की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। दरअसल उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्हें हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहीं अस्पताल प्रशासन ने भी आशा भोसले के भर्ती होने की पुष्टि कर दी है। ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत सामदानी ने उनकी सेहत को लेकर बयान जारी किया है।
डॉक्टर सामदानी के मुताबिक “आशा भोसले को शनिवार, 11 अप्रैल को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में एडमिट कराया गया। उन्हें इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज यूनिट में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।”
मंत्री आशीष शेलार भी अस्पताल पहुंचे
इस बीच, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार भी गायिका का हाल जानने के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे हैं। उनका अस्पताल पहुंचना इस बात का संकेत देता है कि आशा भोसले की तबीयत को गंभीरता से लिया जा रहा है और सरकार भी उनकी सेहत पर नज़र रखे हुए है।

पोती जनाई भोसले का बयान
दरअसल आशा भोसले की तबीयत को लेकर उनकी पोती जनाई भोसले का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक बयान सामने आया है। जनाई ने अपने पोस्ट में दादी की सेहत के बारे में कुछ और जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि “मेरी दादी आशा भोसले कमजोरी और सीने में इंफेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं। हम आपसे निवेदन करते हैं कि हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें। उनका इलाज चल रहा है और हमें उम्मीद है कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। हम आपको जल्द ही उनकी सेहत के बारे में सूचित करते रहेंगे।”
वहीं जनाई भोसले के इस बयान से शुरुआती जानकारी और अस्पताल के डॉक्टर द्वारा दिए गए बयान में थोड़ा अंतर दिख रहा है। जहां डॉक्टर ने हार्ट अटैक की बात कही है, वहीं पोती ने कमजोरी और सीने में इंफेक्शन को वजह बताया है। हालांकि, आशा भोसले का अस्पताल में भर्ती होना और उनका इलाज चलना दोनों ही बयानों से स्पष्ट है। उनके प्रशंसक और संगीत जगत से जुड़े लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।






