Atul Parchure: मनोरंजन की दुनिया अपने बेहतरीन सितारों की चमक से हमेशा चमचमाती रहती है। हर कलाकार अपनी एक्टिंग की जादूगरी का जादू दर्शकों पर चलाता हुआ नजर आता है। सितारों की इस चकाचौंध से भरी दुनिया में अगर एक भी सितारा टूट जाए, तो ना केवल दर्शकों बल्कि अन्य कलाकारों का दिल भी टूट जाता है। ऐसा ही हाल इस वक्त कई सारे फैंस और एक्टिंग की दुनिया के सितारों का हो रहा है।

दरअसल, सोमवार को मराठी नाटक, मराठी फिल्म और हिंदी फिल्मों के बेहतरीन एक्टर और कॉमेडियन अतुल परचुरे ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वो लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और 57 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। एक्टर की असमय हुई मौत ने न केवल उनके फैंस बल्कि साथ काम करने वाले कलाकारों का दिल भी तार-तार कर दिया है। बॉलीवुड इंडस्ट्री के चर्चित कलाकार संजय मिश्रा ने भी सोशल मीडिया के जरिए अपने दोस्त अतुल के लिए भावनात्मक पोस्ट शेयर की है।

अतुल परचुरे के लिए भावनात्मक पोस्ट (Atul Parchure)

संजय मिश्रा ने ट्विटर एक्स हैंडल से पोस्ट शेयर करते हुए लिखा “धोंदू इतनी भी क्या जल्दी थी जाने की, अब मैं Just Chill किससे बोलूंगा।” इतना ही नहीं एक्टर ने अतुल के साथ अपनी फिल्म ऑल द बेस्ट का सीन भी शेयर किया है। इस फिल्म में इन दोनों कलाकारों ने एक साथ काम किया था। अतुल ने अपनी कॉमेडी से सभी का दिल जीत लिया था।

शानदार कलाकार थे अतुल परचुरे

संजय मिश्रा के अलावा कई ऐसे लोग हैं जिन्होंने अतुल के निधन पर शोक जताया है। अतुल ने मराठी और हिंदी फिल्मों के दर्शकों को खूब हंसाया है। सोशल मीडिया पर लोग जमकर उनकी फिल्मों की वीडियो शेयर कर रहे हैं। एक्टर को खट्टा मीठा, बिल्लू बार्बर सहित कई फिल्मों में शानदार अभिनय करते हुए देखा गया है। उनके असमय हुए निधन के कारण एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री ने एक बेहतरीन एक्टर को हमेशा के लिए खो दिया है।