बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर अपने सौतेले भाई और एक्टर अर्जुन कपूर के समर्थन में खुलकर सामने आई हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने उस ऑनलाइन ट्रोलिंग और बुलिंग पर अपनी प्रतिक्रिया दी, जिसका सामना अर्जुन कपूर को अक्सर करना पड़ता है। जाह्नवी ने इस तरह के व्यवहार को अनुचित ठहराते हुए कहा कि इसके लिए कोई बहाना नहीं हो सकता।
जाह्नवी ने सोशल मीडिया की कार्यप्रणाली पर बात करते हुए कहा कि हर कोई वायरल होना चाहता है और इसके लिए वे अक्सर मशहूर हस्तियों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने महसूस किया है कि लोग अपने कंटेंट को व्यूज और एंगेजमेंट दिलाने के लिए सेलेब्स के नाम का इस्तेमाल करते हैं।
‘वे आपके नाम का इस्तेमाल क्लिकबेट के लिए करते हैं’
Grazia को दिए एक इंटरव्यू में जाह्नवी कपूर ने इस मुद्दे पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि जब किसी को गलत समझा जाता है और यह बुलिंग या उत्पीड़न में बदल जाता है, तो यह बहुत दुखद होता है।
“सोशल मीडिया कल्चर को लेकर मैंने जो समझा है वो ये कि हर कोई व्यूज, वायरल और प्रॉमिनेंस चाहता है। तो अगर वो आपके बारे में कंटेंट बनाते हैं तो आप सिर्फ बलि का बकरा हैं। वो आपके नाम का इस्तेमाल क्लिकबेट और उस चीज के लिए कर रहे हैं जिससे उन्हें एंगेजमेंट मिले।” — जाह्नवी कपूर
उन्होंने आगे कहा, “जैसा कि मैंने देखा है कि मेरे भाई के साथ होता है। और इस तरह के बिहेवियर के लिए कोई बहाना नहीं है। निगेटिविटी सिर्फ निगेटिविटी को बढ़ाती है और आपके खुद को इससे दूर रखना होता है।”
अर्जुन कपूर की पोस्ट और ट्रोलिंग का संदर्भ
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से अर्जुन कपूर को उनकी सोशल मीडिया पोस्ट पर काफी नकारात्मक टिप्पणियों का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, पिछले महीने अपनी मां मोना सूरी की जयंती पर एक भावुक पोस्ट लिखने के बाद स्थिति में कुछ बदलाव आया। उस पोस्ट में अर्जुन ने लिखा था कि जिंदगी उनके प्रति निर्दयी रही है, लेकिन वो ठीक हो जाएंगे। इस पोस्ट के बाद फैंस ने उनका जमकर समर्थन किया और उनकी पोस्ट्स पर नकारात्मक कमेंट्स में कमी देखी गई। जाह्नवी और अर्जुन कपूर एक मजबूत बॉन्ड साझा करते हैं और अक्सर एक-दूसरे के लिए स्टैंड लेते नजर आते हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो जाह्नवी कपूर जल्द ही साउथ सुपरस्टार राम चरण के साथ फिल्म ‘पेड्डी’ में नजर आएंगी।






