Hindi News

नितेश तिवारी की रामायण में बड़ा फेरबदल! विक्रांत मैसी की जगह अब राघव जुयाल निभाएंगे रावण के बेटे मेघनाद का किरदार

Written by:Rishabh Namdev
Last Updated:
फिल्म निर्माता नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' की कास्टिंग को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। पहले जहां रावण के बेटे मेघनाद की भूमिका के लिए विक्रांत मैसी का नाम फाइनल माना जा रहा था, वहीं अब यह किरदार 'किल' फेम एक्टर राघव जुयाल को मिल गया है।
नितेश तिवारी की रामायण में बड़ा फेरबदल! विक्रांत मैसी की जगह अब राघव जुयाल निभाएंगे रावण के बेटे मेघनाद का किरदार

बॉलीवुड के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक, नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ अपनी घोषणा के बाद से ही लगातार चर्चा में है। फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर आए दिन नई खबरें सामने आती रहती हैं। अब इस फिल्म से जुड़ा एक और अहम अपडेट सामने आया है, जिसके मुताबिक फिल्म की कास्टिंग में एक बड़ा बदलाव किया गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, रावण के पराक्रमी पुत्र मेघनाद (इंद्रजीत) के किरदार के लिए विक्रांत मैसी का पत्ता कट गया है। उनकी जगह अब यह दमदार भूमिका डांसर और एक्टर राघव जुयाल को ऑफर की गई है।

राघव जुयाल बने ‘मेघनाद’

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ के मेकर्स ने मेघनाद के किरदार के लिए राघव जुयाल को फाइनल कर लिया है। पहले इस रोल के लिए विक्रांत मैसी से बातचीत चल रही थी, लेकिन किसी कारणवश बात नहीं बन पाई। इसके बाद मेकर्स ने राघव से संपर्क किया। बताया जा रहा है कि राघव जल्द ही इस किरदार के लिए अपनी तैयारी और शूटिंग शुरू कर देंगे। राघव जुयाल को हाल ही में फिल्म ‘किल’ में उनके अभिनय के लिए काफी सराहा गया था।

दो भागों में बनेगी फिल्म, दूसरे पार्ट में दिखेंगे राघव

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ को दो भागों में बनाया जा रहा है। राघव जुयाल का किरदार, यानी मेघनाद, कहानी के दूसरे भाग में महत्वपूर्ण होगा। इसलिए, वह फिल्म के दूसरे पार्ट में नजर आएंगे। फिल्म का पहला भाग 2026 में दिवाली के मौके पर रिलीज होने की उम्मीद है, जबकि दूसरा भाग ठीक एक साल बाद 2027 की दिवाली पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।

ये है ‘रामायण’ की स्टारकास्ट

यह फिल्म बॉलीवुड के सबसे बड़े मल्टी-स्टारर प्रोजेक्ट्स में से एक होने वाली है। फिल्म में भगवान श्री राम का किरदार रणबीर कपूर निभा रहे हैं, जबकि माता सीता की भूमिका में साई पल्लवी नजर आएंगी। ‘KGF’ फेम सुपरस्टार यश लंकापति रावण के किरदार में दिखेंगे। इनके अलावा, लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे और हनुमान जी की भूमिका में सनी देओल को कास्ट किया गया है। फिल्म की विशाल स्टारकास्ट और बड़े पैमाने पर हो रहे निर्माण को देखते हुए दर्शकों में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews