नितेश तिवारी की माइथोलॉजिकल फिल्म रामायण का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में देखने के लिए फैंस काफी एक्साइटेड हैं। हर कोई यह देखना चाहता है कि वह भगवान राम के कैरेक्टर में कैसे लगेंगे। फिल्म के सेट से श्री राम के रूप में एक्टर के कई लुक लीक हुए थे।

मेकर्स ने कुछ दिनों पहले ही अनाउंसमेंट की थी कि 2 अप्रैल को फैंस को बहुत बड़ा सरप्राइज मिलने वाला है। दरअसल मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज करने के लिए हनुमान जयंती का अवसर चुना था। पवित्र धार्मिक ग्रंथ रामायण पर बनाई गई इस फिल्म के टीजर ने दर्शकों की एक्साइटमेंट को बढ़ा दिया है।

रिलीज हुआ रामायण का टीजर

ये फिल्म प्राइम फोकस स्टूडियो ने तैयार की है। टीजर की शुरुआत एक युद्ध के दृश्य से हो रही है। इसके बाद भगवान राम को एक ऊंचे पहाड़ पर खड़ा हुआ दिखाया गया है। इसके बाद रणबीर कपूर श्रीराम के रूप में एंट्री करते हैं जहां राज्य की जनता उनके ऊपर फूल बरसा रही होती है। इसके बाद राम जी के राजतिलक से लेकर उनके वनवास जाने, राक्षसों का संहार करने। स्वर्ण हिरण के शिकार जैसे दृश्य दिखाए गए हैं। सबसे आखिर में रावण की एंट्री बताई गई है। टीजर का हर सीन जबरदस्त तरीके से फिल्माया गया है। यह दर्शकों को रामायण को एक अलग एहसास के साथ देखने का मौका देगा।

दर्शकों ने जमकर की तारीफ

रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में देखकर दर्शक उनकी तारीफ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। टीजर भी सभी को बहुत पसंद आया है। एक यूजर ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि एक ऐसी फिल्म जो सिनेमाघरों में फिल्माई नहीं जाएगी बल्कि उन्हें मंदिरों में बदल देगी। एक ने कहा आदि पुरुष से मिले घाव के बाद हमें हीलिंग की जरूरत थी। यह वो तरीका है जो हमारे इतिहास का सम्मान के साथ प्रतिनिधित्व करता है। एक यूजर ने रणबीर कपूर के किरदार की तारीफ करते हुए कहा कि अरुण गोविल के बाद भगवान राम के जैसा कोई लग रहा है तो वह रणबीर कपूर हैं।

 

राम के किरदार पर क्या बोले रणबीर

फिल्म रामायण में भगवान राम के किरदार को निभाना को लेकर रणबीर कपूर का कहना है कि “मुझे नहीं लगता कि मैं यहां राम को पेश करने आया हूं मैं तो उनसे सीखने आया हूं। उन्हें एक ऐसी सादगी और पवित्रता है जो बहुत कम देखने को मिलती है। उसे समझने और अपने अंदर उतारने की कोशिश करना मेरे लिए एक विनम्र अनुभव है।” अब रणबीर का राम अवतार तो दर्शकों को पसंद आया है। यह फिल्म क्या कमाल दिखाती है ये देखने वाली बात होगी।