Hindi News

दुबई में फंसे साउथ सुपरस्टार अजीत कुमार, मैनेजर ने दी जानकारी – ‘सुरक्षित हैं स्टार’

Written by:Banshika Sharma
Published:
मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण दुबई और अबू धाबी से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इस वजह से तमिल अभिनेता अजीत कुमार, एक्ट्रेस सोनल चौहान और बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु समेत कई भारतीय नागरिक वहां फंस गए हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।
दुबई में फंसे साउथ सुपरस्टार अजीत कुमार, मैनेजर ने दी जानकारी – ‘सुरक्षित हैं स्टार’

मध्य पूर्व में इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पर भी दिखने लगा है। सुरक्षा कारणों के चलते संयुक्त अरब अमीरात (UAE) समेत कई देशों द्वारा हवाई क्षेत्र बंद किए जाने से हजारों यात्री फंस गए हैं, जिनमें कई भारतीय फिल्मी सितारे और खिलाड़ी भी शामिल हैं। तमिल फिल्मों के जाने-माने अभिनेता अजीत कुमार भी इस समय दुबई में फंसे हुए हैं और अपनी फ्लाइट के दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

अजीत के मैनेजर ने जानकारी दी है कि वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। जैसे ही उड़ान सेवाएं सामान्य होंगी, वह भारत के लिए रवाना हो जाएंगे। बताया जा रहा है कि अजित अपनी कार रेसिंग की ट्रेनिंग के सिलसिले में अबू धाबी गए थे और उन्हें चेन्नई लौटना था, लेकिन अचानक बदले हालात के कारण उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई।

ट्रेनिंग के लिए दुबई में थे अजीत कुमार

अजीत कुमार को एक्टिंग के अलावा प्रोफेशनल कार रेसिंग का भी शौक है। वह अपनी अगली रेस की तैयारी के लिए अबू धाबी में ट्रेनिंग ले रहे थे। हाल ही में उन्होंने 2025 में होने वाली प्रतिष्ठित 24H दुबई रेस में भी हिस्सा लिया था। उनके इस जुनून को सपोर्ट करने के लिए साउथ इंडस्ट्री के कई सितारे, जैसे सिवकार्थिकेयन, नयनतारा और आर माधवन भी उनसे मिलने रेस ट्रैक पर पहुंचे थे। फिलहाल, वह एक होटल में ठहरे हुए हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

सोनल चौहान और पीवी सिंधु भी फंसीं

अजीत कुमार के अलावा कई और भारतीय हस्तियां भी दुबई में फंसी हुई हैं। एक्ट्रेस सोनल चौहान ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि वह दुबई में हैं और भारत लौटने के लिए उड़ानों का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की अपील भी की है।

“मैं दुबई में हूं और भारत लौटने का कोई स्पष्ट रास्ता नहीं दिख रहा है।” — सोनल चौहान

वहीं, डबल ओलंपिक मेडलिस्ट और बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु के भी दुबई एयरपोर्ट पर फंसे होने की खबर है। इन घटनाओं से पता चलता है कि मध्य पूर्व के तनाव ने किस तरह आम लोगों की यात्रा योजनाओं को प्रभावित किया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति सामान्य होते ही हवाई सेवाओं को फिर से बहाल कर दिया जाएगा।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews