Hindi News

कैंसर से जंग हार गई ‘पवित्र रिश्ता’ की प्रिया मराठे…अर्चना की बहन वर्षा का निभाया था किरदार

Written by:Bhawna Choubey
Last Updated:
टीवी एक्ट्रेस और कॉमेडियन प्रिया मराठे (Priya Marathe) का 31 अगस्त 2025 को मुंबई में निधन हो गया। वे पिछले एक साल से कैंसर से लड़ रही थीं। 'पवित्र रिश्ता', 'कसम से' और 'कॉमेडी सर्कस' जैसे शोज़ से मशहूर प्रिया की मौत ने टीवी इंडस्ट्री को गहरा सदमा दिया।
कैंसर से जंग हार गई ‘पवित्र रिश्ता’ की प्रिया मराठे…अर्चना की बहन वर्षा का निभाया था किरदार

मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस और मशहूर कॉमेडियन प्रिया मराठे (Priya Marathe) अब हमारे बीच नहीं रहीं। 38 साल की उम्र में कैंसर से लंबी जंग लड़ते हुए उन्होंने मुंबई में आखिरी सांस ली। उनकी मौत की खबर से फैंस और टीवी इंडस्ट्री गहरे सदमे में हैं।

‘पवित्र रिश्ता’ में वर्षा सतीश के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाली प्रिया मराठे ने अपने दमदार अभिनय और कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीता। मराठी और हिंदी दोनों टीवी इंडस्ट्री में अपनी छाप छोड़ चुकीं प्रिया की अचानक मौत ने हर किसी को भावुक कर दिया है। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी यादें ताजा कर रहे हैं।

प्रिया मराठे की जिंदगी और करियर का सफर

‘पवित्र रिश्ता’ से बानी पहचान

23 अप्रैल 1987 को मुंबई में जन्मी प्रिया मराठे ने अपने करियर की शुरुआत मराठी टीवी सीरियल या सुखानोया से की थी। लेकिन उन्हें असली पहचान ज़ी टीवी के लोकप्रिय शो ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली, जिसमें उन्होंने वर्षा सतीश का अहम किरदार निभाया। इस रोल ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। इसके अलावा वे ‘कसम से’, ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ जैसे हिट शोज़ में भी नज़र आईं। वहीं, कॉमेडी शो ‘कॉमेडी सर्कस’ में उनकी परफॉर्मेंस ने दर्शकों को खूब हंसाया और एक अलग फैन बेस बना दिया।

निजी जिंदगी और संघर्ष

साल 2012 में प्रिया ने एक्टर शांतनु मोघे से शादी की थी। यह जोड़ी टीवी इंडस्ट्री की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में गिनी जाती थी। शादी के बाद भी प्रिया ने एक्टिंग को जारी रखा और कई मराठी धारावाहिकों व स्टेज शोज़ में काम किया। लेकिन पिछले एक साल से वे कैंसर की गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। इलाज के दौरान भी उन्होंने अपने हौसले को बनाए रखा, लेकिन आखिरकार 31 अगस्त 2025 को बीमारी से हार गईं।

इंडस्ट्री में शोक की लहर

प्रिया मराठे के निधन की खबर सामने आते ही टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। पवित्र रिश्ता की कास्ट और कई जाने-माने कलाकारों ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। फैंस भी लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके यादगार किरदारों को याद कर रहे हैं। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि प्रिया का जाना टीवी की दुनिया के लिए अपूरणीय क्षति है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
मुझे लगता है कि कलम में बहुत ताकत होती है और खबरें हमेशा सच सामने लाती हैं। इसी सच्चाई को सीखने और समझने के लिए मैं रोज़ाना पत्रकारिता के नए पहलुओं को सीखती हूँ। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews