बिहार की राजनीति में बड़े राजनीतिक बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की इच्छा जताने के बाद बड़े उलटफेर की संभावनाएं प्रबल हो गई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में राज्यसभा जाने की इच्छा जताते हुए कहा है कि ‘इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ।’
हालांकि उनके इस फैसले ने जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ताओं में भारी रोष पैदा कर दिया है। पटना में मुख्यमंत्री आवास के बाहर बड़ी संख्या में जेडीयू कार्यकर्ता और समर्थक जमा हो गए हैं, जहां जमकर हंगामा और नारेबाजी की जा रही है। कार्यकर्ता नारे लगा रहे हैं “नीतीश कहीं नहीं जाएंगे”, “नीतीश कुमार जिंदाबाद”, “विकास पुरुष जिंदाबाद”, “नीतीश के अलावा कोई मंजूर नहीं” और “बिहार छोड़कर दिल्ली मत जाइए”। इस बीच कई समर्थक भावुक होते भी नज़र आए और कुछ ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की गाड़ियां रोककर अपना विरोध जताया।
नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा जाहिर करते हुए एक भावुक संदेश जारी किया है। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि पिछले दो दशकों से अधिक समय से बिहार की जनता ने उन पर विश्वास और समर्थन बनाए रखा है। इसी भरोसे की ताकत से उन्होंने राज्य की सेवा पूरी निष्ठा से की है और बिहार आज विकास और सम्मान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने इसके लिए जनता के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दिनों की एक इच्छा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने संसदीय जीवन की शुरुआत की थी, तभी उनके मन में यह इच्छा थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। इसी क्रम में इस बार वह राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में यह भी स्पष्ट किया कि जनता के साथ उनका संबंध भविष्य में भी बना रहेगा और वह बिहार को विकसित राज्य बनाने के संकल्प के साथ जुड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जो भी नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
बीजेपी से हो सकता है बिहार का अगला सीएम
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार आज पटना में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए बिहार की 5 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इसमें एनडीए काफी मजबूत स्थिति में है और जानकारी के अनुसार नीतीश जेडीयू से उम्मीदवार होंगे। अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा। इसके बाद अब ये अटकलें शुरु हो गई हैं कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। कहा जा रहा है कि अगला सीएम बीजेपी से हो सकता है। वहीं, नीतीश के बेटे निशांत कुमार का नाम उपमुख्यमंत्री या अन्य महत्वपूर्ण पद के लिए चर्चाओं में है। हालांकि जेडीयू कार्यकर्ता और नीतीश कुमार के समर्थक उनके इस फैसले से नाराज़ नज़र आ रहे हैं और इसके खिलाफ सीएम हाउस के बाहर प्रदर्शन और हंगामा किया जा रहा है।






