अहमदाबाद को जल्द ही भारत की “खेल राजधानी” बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को वीर सावरकर खेल परिसर का उद्घाटन करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहर में नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम, सरदार पटेल खेल परिसर और वीर सावरकर खेल परिसर जैसी विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं तैयार की गई हैं। शाह ने बताया कि 2036 तक अहमदाबाद में 13 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित करने की योजना है। उनका कहना था कि यह शहर सिर्फ गुजरात ही नहीं, बल्कि पूरे देश में खेलों का केंद्र बनेगा।

अमित शाह ने कहा कि मोटेरा स्थित नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम है। इसके साथ ही सरदार पटेल खेल परिसर और अब वीर सावरकर खेल परिसर अहमदाबाद को खेलों का हब बना रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 2029 के विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल यहीं आयोजित होंगे। साथ ही, भारत ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भी अपनी बोली प्रस्तुत की है और इसके अहमदाबाद में आयोजित होने की पूरी संभावना है।

अमित शाह का बड़ा बयान

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि केंद्र सरकार 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए अहमदाबाद को तैयार कर रही है। उन्होंने वीर सावरकर परिसर को भारत का सबसे बड़ा और सबसे आधुनिक खेल परिसर बताया। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि 2047 तक भारत हर क्षेत्र में दुनिया में नंबर एक बने। खेलों को देश की आत्मा बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत सबसे युवा देश है और उसे खेलों में पीछे नहीं रहना चाहिए।

अमित शाह ने इस मौके पर केंद्र की नई खेल नीति की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले दस सालों में खेलों का बुनियादी ढांचा और खिलाड़ियों की ट्रेनिंग विश्वस्तरीय हुई है। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है और हर अच्छे खिलाड़ी को भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जा रहा है। इस नीति का उद्देश्य भारत को वैश्विक खेल मंच पर अग्रणी बनाना है।

शाह ने बताया कि मोदी सरकार के प्रयासों का असर साफ दिख रहा है। भारत ने 1948 से 2012 तक सिर्फ 20 ओलंपिक पदक जीते थे, लेकिन पिछले आठ वर्षों में ही 15 पदक हासिल किए। इसी अवधि में पैरालंपिक में भारत के पदक आठ से बढ़कर 52 हो गए और मूक-बधिर ओलंपिक में दो से बढ़कर 22 तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार ने खेल बजट को 2014-15 के 1,643 करोड़ रुपये से बढ़ाकर अब 5,300 करोड़ रुपये कर दिया है, जिससे खिलाड़ियों को और बेहतर अवसर मिल रहे हैं।