ATM robbery in Gwalior: ग्वालियर में एक बार फिर बदमाशों ने एटीएम को निशाना बनाया है, बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में आनंद नगर में स्थित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की एटीएम को बदमाशों ने काटा और उसमें रखे लाखों रुपये लूटकर फरार हो गए, बदमाशों ने मशीन पर लगे कैमरे को स्प्रे छिडककर बंद कर दिया लेकिन लूट की ये घटना बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी के लिए टीमें लगा दी है।
ग्वालियर जिले के डबरा में पिछले महीने बदमाशों ने एक एटीएम को निशाना बनाते हुए उसे उखाड़ लिया था और लूट की घटना की थी एक बार फिर बदमाशों ने एटीएम को निशाना बनाया, घटना बीती देर रात करीब 3 बजे के बासपास हुई, कार से आये करीब 4-5 बदमाश एटीएम में घुसे और घटना की।
गैस कटर से ATM काटी और 17 मिनट में कैश लूटकर फरार
पुलिस ने बताया कि बदमाश अन्दर घुसे और उन्होंने सबसे पहले मशीन पर लगे कैरे पर ब्लैक स्प्रे छिड़ककर बंद कर दिया और फिर अपने साथ लाए गैस कटर से एटीएम मशीन को काटना शुरू किया, करीब 17 मिनट में मशीन की चेसिस को काटने के बाद उसमें रखा लाखों रुपए लेकर बदमाश फरार हो गए।
पुलिस की टीमें कर रही बदमाशों की तलाश
पुलिस को घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे, एटीएम मशीन को कटा हुआ देख पुलिस को वारदात को समझने में देर नहीं लगी और तत्काल बदमाशों की घेराबंदी के लिए अलग-अलग टीम लगाकर नाकाबंदी की लेकिन एटीएम काटने वाले बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लगे।
डबरा में भी कुछ दिन पहले हो चुकी है ATM लूट की घटना
एडिशनल एसपी अखिलेश रेनवाल के मुताबिक पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है, हम ये भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं ये बदमाश भी डबरा में एटीएम लूट करने वाले तो नहीं हैं, बहरहाल बदमाशों ने एक बार फिर एटीएम लूटकर पुलिस को खुली चुनौती दी है।
