Hindi News

8 बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस भेजा, ग्वालियर पुलिस लेकर बंगाल रवाना, BSF को सौंपेंगे

Written by:Atul Saxena
Published:
पुलिस ने जिन 8 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा था वे कई वर्षों से ग्वालियर में एयरपोर्ट के पास एक किराये के घर में रह रहे थे, ये सभी अवैध तरीके से फर्जी दस्तावेजों की मदद से रह रहे थे।
8 बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस भेजा, ग्वालियर पुलिस लेकर बंगाल रवाना, BSF को सौंपेंगे

देशभर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है और उनकी नागरिकता कन्फर्म कर उन्हें उनके देश वापस भेजा जा रहा है, ग्वालियर पुलिस ने इसी क्रम में आज 8 बांग्लादेशी नागरिकों (घुसपैठियों ) को उनके देश वापस भेजने के लिए रवाना कर दिया।

ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाले जिस बांग्लादेशी परिवार को पुलिस ने पिछले महीने अक्टूबर में पकड़ा था  उनकी नागरिकता प्रमाणित होने के बाद आज उन्हें उनके देश बांग्लादेश वापस भेज दिया गया है, ग्वालियर पुलिस उन्हें लेकर रवाना हो गई है।

ग्वालियर पुलिस सौंपेगी BSF को 

ग्वालियर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया जिन बंगलादेशी 8 नागरिकों को हिरासत में लिया गया था उन्हें होल्डिंग  एरिया में रखा गया था आज ग्वालियर पुलिस की एक टीम पश्चिम बंगाल लेकर रवाना हो गई है, ये टीम भारत बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ को सभी 8 लोगों को सौंपेगी जहाँ से इन्हें बांग्लादेश भेज दिया जायेगा।

पुलिस कर रही विदेश नागरिकों की पहचान 

ग्वालियर एसपी ने बताया पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद ग्वालियर पुलिस ऐसे सभी विदेशी नागरिकों के बारे में जानकारी जुटा रही है जो ग्वालियर में रह रहे हैं उनकी नागरिकता की पहचान उन्हें वैध तरीके से रहने के दस्तावेज चैक किये जा रहे हैं।

पिछले महीने पकड़ा था बांग्लादेशी परिवार 

आपको बता दें कि जिन 8 बांग्लादेशी नागरिकों को ग्वालियर पुलिस ने पकड़ा था वे कई वर्षों से ग्वालियर में एयरपोर्ट के पास एक किराये के घर में रह रहे थे, ये सभी अवैध तरीके से फर्जी दस्तावेजों की मदद से रह रहे थे। इस पूरे परिवार को हरियाणा से मिले इनपुट के आधार पर ग्वालियर पुलिस ने हिरासत में लिया था।

बंगाल के रास्ते UP होते हुए ग्वालियर पहुंचा परिवार  

इन सभी ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि इनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है इसलिए बांग्लादेश छोड़कर भारत में आये ये किसी तरह बॉर्डर पार कर कोलकाता पहुंचे, वहां से उत्तर प्रदेश के अलीगढ पहुंचे वहां चार महीने रहे फिर आगरा आये और फिर ग्वालियर पहुंच गए।  ग्वालियर में अपने रिश्तेदार की मदद से किराये का मकान में रहे थे, पुलिस को इनके पास से फर्जी दस्तावेज भी मिले थे। अब इन्हें वापस बांग्लादेश भेज दिया गया है।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews