Hindi News

स्वच्छता में लापरवाही: 5 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी, 5 निलंबित, 4 आउटसोर्स सफाई श्रमिकों की सेवा समाप्त

Written by:Atul Saxena
Published:
ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर के आदेश पर स्वच्छता में लापरवाही बरतने वाले 14 कर्मचारियों पर कड़ा एक्शन हुआ है, अपर आयुक्त ने 5 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है 5 को कारण बताओ नोटिस दिया है एवं 4 आउट सोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं।
स्वच्छता में लापरवाही: 5 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी, 5 निलंबित, 4 आउटसोर्स सफाई श्रमिकों की सेवा समाप्त

ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर संघ प्रिय स्वच्छता को लेकर बहुत गंभीर हैं उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सफाई के काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी लेकिन निर्देशों के बाद भी कुछ कर्मचारी इसे गंभीरता से नहीं लेते ऐसे ही 14 कर्मचारियों पर आज कड़ा एक्शन हुआ है।

ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर के निर्देश पर आज  स्वच्छता के कार्य में लापरवाही बरतने एवं वार्ड में बिना सूचना के लंबे समय से अनुपस्थित रहने पर प्रभारी वार्ड हेल्थ ऑफीसर एवं सफाई संरक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। स्वच्छता की बैठक में बताया गया कि वार्ड 21 के सफाई संरक्षक अर्जुन लंबे समय से वार्ड में अनुपस्थित हैं। इसके साथ ही वार्ड 24 के सफाई संरक्षक सुनील वार्ड में बिना सूचना के 02 माह से अनुपस्थित हैं।

बिना सूचना गायब, जारी हुआ कारण बताओ नोटिस 

इनके अलावा वार्ड क्रमांक 58 के प्रभारी सहायक वार्ड हेल्थ ऑफीसर अजय बिना सूचना के अनुपस्थित चल रहे हैं। वार्ड 18 के सफाई संरक्षक अनूप वार्ड में बिना सूचना के 02 माह से अनुपस्थित हैं। वार्ड 4 के प्रभारी वार्ड हेल्थ ऑफीसर  सोनू मोरे बिना सूचना के बैठक में अनुपस्थित चल रहे हैं, इन सभी की जानकारी सामने आने के बाद सभी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

चार आउटसोर्स सफाई श्रमिकों की सेवा समाप्त

ग्वालियर नगर निगम ने बिना सूचना के लंबे समय से अनुपस्थित रहने पर चार आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की सेवायें समाप्त कर एजेंसी को वापिस कर दी हैं तथा उनके स्थान पर दूसरे श्रमिक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव द्वारा जारी आदेशानुसार वार्ड 58 में प्रशांत, वार्ड 59 में श्रीमती यशोदा, वार्ड 14 में मोनू एवं वार्ड 30 में अर्जुन लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे हैं, इसलिए इनकी सेवायें समाप्त कर दी गई हैं ।

चार उपस्वच्छता पर्यवेक्षक एवं सफाई संरक्षक निलंबित

सफाई व्यवस्था में लापरवाही करने एवं बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर दो उपस्वच्छता पर्यवेक्षक एवं दो सफाई संरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है । अपर आयुक्त राव द्वारा जारी आदेशानुसार सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने एवं बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर उप स्वच्छता पर्यवेक्षक अमित खरे ग्रामीण,  रवि मेवाती वार्ड 16 को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। साथ ही सफाई संरक्षक कुनाल, सोनू को बिना सूचना के अनुपस्थित एवं सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है ।