
Gwalior News : ग्वालियर शहर स्मार्ट सिटी योजना में शामिल है, यहाँ करोड़ों रुपये के कार्य इस योजना के तहत और करोड़ों रुपये के कार्य केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कराये जा रहे हैं। विकासकार्य लगातार जारी हैं लेकिन कांग्रेस इससे नाखुश है, उसका कहना है कि ये कैसा विकास है कि जनता सीवरयुक्त गंदा पानी पी कर बीमार हो रही है, सडकें खुदी पड़ी हैं, स्ट्रीट लाइट नहीं है, सड़कों पर अँधेरा है, अघोषित कटौती का कोई हिसाब नहीं है और सबसे बड़ी बात ये कि ये हाल प्रदेश के ऊर्जा मंत्री की विधानसभा का है।
प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रदर्शन
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह के पुराने दोस्त कभी एक ही पार्टी में रहने वाले कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने आज ऊर्जा मंत्री और अपनी विधानसभा ग्वालियर विधानसभा के पार्षदों और क्षेत्रीय जनता के साथ भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, पिछला चुनाव ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से हारने वाले सुनील शर्मा इस बार फिर विधानसभा टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।
कांग्रेस के आरोप विकास और स्मार्ट सिटी के नाम पर धोखा, ऊर्जा मंत्री की विधानसभा ही बेहाल
सुनील शर्मा उनकी विधानसभा में सीवरयुक्त गंदा पानी, अघोषित बिजली कटौती, बिजली के अनाप शनाप बिल, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट, खुदी पड़ी सड़कों को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं , आज उन्होंने एक बार फिर आन्दोलन किया, वे पार्षदों, कांग्रेस नेताओं और क्षेत्रीय जनता के साथ नगर निगम की जनसुनवाई में पहुंचे लेकिन उन्हें वहां रोक लिया गया।
नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन दिया, स्मार्ट सिटी कार्यालय पर दिया धरना
कांग्रेस नेता ने इस पर अपनी नाराजगी जताई फिर नगर निगम कमिश्नर हर्ष सिंह को बुलाकर ज्ञापन सौंपा, इसके बाद कांग्रेस नेता स्मार्ट सिटी के कार्यालय पहुंचे और वहां जमकर नारेबाजी की, जब अधिकारियों ने उन पर ध्यान नहीं दिया तो वे वहीँ धरने पर बैठ गए।
ऊर्जा मंत्री तोमर और भाजपा सरकार पर कांग्रेस ने साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने सीवरयुक्त गंदे पानी को दिखाते हुए कहा ये विकास है भाजपा सरकार का, जनता बीमार हो रही है अस्पताल में भर्ती हो रही है लेकिन कोई सुन नहीं रहा, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर इन्हीं मुद्दों को उठाते हुए कुर्सी पर बैठ गए अब उन्होंने भी सुनना बंद कर दिया।
कांग्रेस ने दिया दो दिन का समय, उसके बाद करेंगे तालाबंदी
सुनील शर्मा ने कहा कि शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की बात करते है लेकिन शहर का हाल ख़राब कर दिया है, ऊर्जा मंत्री के घर के पास ही गंदा पानी आ रहा है , लाइटें जलती नहीं है, सड़कें ख़राब हैं लेकिन मंत्री, सरकार सब मस्त है, उन्होंने कहा कि हमें कमिशनर साहब ने दो दिन का समय दिया है यदि समस्या दूर नहीं होती तो फिर नगर निगम पर तालाबंदी करेंगे, उधर कमिश्नर ने कहा कि सुधार कार्य निरंतर जारी है।
[dgv_vimeo_video id=”856725572″]
[dgv_vimeo_video id=”856725690″]
[dgv_vimeo_video id=”856725798″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

