MP Breaking News

तेरा तुझको अर्पण अभियान: ग्वालियर पुलिस ने खोज निकाले 1 करोड़ 3 लाख रुपये के मोबाइल, लोगों के चेहरों पर लौटी ख़ुशी

ग्वालियर पुलिस की साइबर सेल ग्वालियर ने CEIR PORTAL के माध्यम से 01 करोड़ 03 लाख रुपये कीमत के 451 मोबाइल खोज निकाले जिन्हें आज उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।  
Gwalior Police recovered 1.03 crore Rupees 451 mobile phones

Gwalior Police recovered 1.03 crore Rupees 451 mobile phones

ग्वालियर पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन से पहले उन लोगों के चेहरों पर ख़ुशी लौटा दी है जो अपने मोबाइल खो जाने के बाद से मायूस और परेशान थे, साइबर सेल ने लगातार इन मोबाइल की लोकेशन पर नजर रखी और फिर इनको सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से देश के अलग-अलग राज्यों एवं शहरों से बरामद कर लिया है, बरामद किये गए मोबाइल की संख्या 451 है जिनकी कुल कीमत लगभग 01 करोड 03 लाख रुपये है।

ग्वालियर पुलिस के पास रोज मोबाइल गुम होने की शिकायतें सीईआईआर पोर्टल पर आती हैं इसके  अलावा थानों पर शिकायतें पहुँचती हैं इसके बाद इन्हें इकट्ठा कर साइबर सेल खोजबीन शुरू करती है, तकनीक की मदद से पुलिस मोबाइल की लोकेशन पता करती है फिर इसे चोरी करने वाले व्यक्ति तक पहुँचती है फिर वहां से मोबाइल बरामद कर ले आती है, और फिर ग्वालियर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में इनके वास्तविक मालिकों को सौंप देती है।

तेरा तुझको अर्पण अभियान में लौटाए 1 करोड़ 3 लाख के मोबाइल 

खास बात ये है कि खोज कर लाये मोबाइल को उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है और ये कार्यक्रम उस अभियान का हिस्सा है जिसे एसपी धर्मवीर सिंह ने “तेरा तुझको अर्पण” नाम दिया है। इस बार पुलिस ने पिछले 3 महीनों में 451 मोबाइल खोज निकाले हैं जिनकी कीमत 1 करोड़  3 लाख रुपये है, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने अन्य अधिकारियों के साथ एक कार्य्रकम में इन्हें जब लौटाया तो लोगों के चेहरों पर आई ख़ुशी बयान नहीं की सकती। मोबाइल वापस मिलने पर सभी ने पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल की टीम को धन्यवाद दिया ।

लावारिस मिले मोबाइलों को साइबर सेल में जमा कराने वाले सम्मानित 

इस अवसर पर ग्वालियर पुलिस ने उन लोगों को भी प्रशस्ति पत्र दिए जिन्होंने जागरुक नागरिक होने का कर्तव्य निभाते हुए लावारिस मिले मोबाइलों को साइबर सेल में आकर स्वयं जमा कराकर सराहनीय कार्य किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने साइबर सेल की टीम को इन लोगों को सराहनीय कार्य हेतु पुरस्कृत करने की घोषणा की है ।

क्या है? CEIR PORTAL पोर्टल

  • सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) भारत सरकार दूरसंचार विभाग का पोर्टल है।
  • सीईआईआर-संचार साथी की मदद से कोई भी व्यक्ति अपने चोरी अथवा गुम हुए मोबाइल का आईएमईआई नंबर ब्लॉक कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसके उपरान्त पुलिस द्वारा इस पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को आसानी से खोजा जा सकेगा।

मोबाइल गुम होने पर पोर्टल पर ऐसे करें शिकायत

अगर अपका मोबाइल गुम या चोरी हो गया है तो सबसे पहले नजदीकी थाने जाकर शिकायत दर्ज करायें और अपनी सिम को संबंधित कंपनी से पुनः निकलवायें, इसके बाद सीईआईआर पोर्टल www.ceir.gov.in पर जाकर मोबाइल का आईएमईआई नंबर ब्लॉक करें जिसमें थाने का शिकायती आवेदन, मोबाइल का बिल और अपना एक पहचान पत्र पोर्टल पर अपलोड कर आवेदन ऑनलाइन जमा करें। उसके बाद आपको एक 18 अंकों की एक रिक्वेस्ट आईडी मिल जायेगी जिससे शिकायत की स्थिति का पता किया जा सकेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews
तेरा तुझको अर्पण अभियान: ग्वालियर पुलिस ने खोज निकाले 1 करोड़ 3 लाख रुपये के मोबाइल, लोगों के चेहरों पर लौटी ख़ुशी