कहते हैं भक्त और भगवान के बीच एक ऐसा सम्बन्ध होता है जिसे वो ही समझ पाता है और महसूस करता है, हम सभी ने इसके कई उदाहरण हमारे धार्मिक ग्रंथों और किस्से कहानियों के माध्यम से सुने हैं लेकिन ग्वालियर में एक ऐसा ही घटनाक्रम हुआ है जिसे सुनकर इस रिश्ते की अहमियत समझ आती है, मामला “लड्डू गोपाल” की मूर्ति से जुड़ा है।
दरअसल ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अलकापुरी में रहने वाली विजया शर्मा की “लड्डू गोपाल” की मूर्ति की तलाश तीन थानों की पुलिस करेगी , आईजी पुलिस अरविंद सक्सेना ने सीएसपी किरण अहिरवार के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए हैं आईजी ने कहा है कि टीम में ऐसे पुलिस कर्मी रखे जाएँ जिनकी भगवान के श्रद्धा और आस्था हो।
मामला कुछ ऐसा है, 29 जनवरी को विजया शर्मा अपनी बहन माधवी शर्मा के साथ कान्हा जी की पोशाक लेने महाराज बाड़ा गई थी उन्होंने वहां खरीदारी की और फिर उन्होंने माधौगंज से सब्जी के ठेले पर सब्जी खरीदी यहीं किसी ठेले पर उनके लड्डू गोपाल रह गए, जब उन्हें ध्यान आया और तलाश किया तो वे नहीं मिले।
पांच महीने से तलाश रही है “लड्डू गोपाल” को
उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई , पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले लेकिन कुछ मालूम नहीं चला , इस दौरान विजया कई बार पुलिस थाने गई वरिष्ठ अधिकारियों से मिलीं लेकिन कोई लाभ नहीं मिला उनके लड्डू गोपाल कहीं नहीं मिले, विजया आज आईजी अरविंद सक्सेना से मिलीं उन्हें पूरी बात बताई, आईजी ने विजया शर्मा की भावना का आदर करते हुए उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया।
आईजी ने SIT गठित करने के निर्देश दिए
आईजी ने मीडिया को बताया कि भक्त का उसके भगवान के प्रति भाव देखकर मैंने उन्हें भरोसा दिया है पुलिस उनके लड्डू गोपाल की तलाश करने का पूरा प्रयास करेगी, उन्होंने सीएसपी किरण अहिरवार को निर्देश दिए कि महाराज बाड़ा क्षेत्र के तीन थानों के स्टाफ को मिलाकर एक एसआईटी बनाये और उसमें ऐसे लोग शामिल करें जो भगवान में आस्था और श्राद्ध रखते हों और जितनी जल्दी हो सके लड्डू गोपाल की तलाश करें।
विजया ने की 5000 रुपये इनाम की घोषणा
विजया के मुताबिक कान्हा जी के बिना उनका घर सूना हो गया है किसी का मन नहीं लगता कोई ठीक से खाना नहीं खाता, लड्डू गोपाल से बहुत अधिक स्नेह करने वाली विजया रोते हुए कहती हैं, मेरे कान्हा जी मेरे सपने में आये थे उनका कहना है वो कष्ट में हैं उन्हें चोट लगी है, उन्होंने लड्डू गोपाल ढूंढ कर लाने वाले को 5 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की है।






