ग्वालियर की पड़ाव थाना पुलिस ने पिछले दिनों एक बैटरी की दुकान से चोरी गई बैटरियों की घटना का खुलासा कर दिया है और चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरों के कब्जे से चोरी की 31 बैटरी और 2 बैटरी चार्जर जब्त कर लिए हैं साथ ही घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा भी जब्त किया है। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरियों के सम्बन्ध में पूछताछ कर रही है और उनका रिकॉर्ड खंगाल रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 27 मई 2026 को पड़ाव थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सती विहार कॉलोनी नाले के पास दो व्यक्ति दो प्लास्टिक के कट्टों में बैट्रिया लिए खड़े हैं, जो चोरी की होने की संभावना है। । सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर उनके निर्देश पर टीम रवाना की गई, पुलिस टीम मुखबिर की बताई जगह पर पहुंची तो वहां दो संदिग्ध लड़के खड़े दिखे जो पुलिस को देखकर सकपका गये और मौके से भागने का प्रयास किया, पुलिस टीम द्वारा घेरकर दोनों को पकड़ा और नाम पता पूछा तो उन्होंने अपने नाम सन्नी उर्फ टुनटुन मांझी निवासी खारा कुआ लधेडी थाना ग्वालियर व अरुण उर्फ गोलू बाथम निवासी सती विहार कालोनी मछली मण्डी थाना ग्वालियर का होना बताया।
चोरों के कब्जे से 31 बैटरी और 2 बैटरी चार्जर
पुलिस ने दोनों संदेहियों से कड़ाई से पूछताछ की तो सन्नी उर्फ टुनटुन ने बताया कि उसने दिनांक 23/24 मई की रात में ब्लू पर्ल होटल के सामने बैट्री की दुकान में से बैट्रियां अपने साथी अरुण उर्फ गोलू बाथम के साथ मिलकर चोरी की थी और अपने तीसरे साथी देवेन्द कुशवाह को बुलाकर उसके रिक्शा में रखकर ले गए थे। पुलिस को दोनों आरोपियों के पास मिले प्लास्टिक के कट्टों की तलाशी लेने पर सन्नी के पास वाले कट्टे में 11 बैट्रियां व एक कार्टून में 5 बैट्रियां व एक बैटी चार्जर व एक पेचकस मिला जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। प दूसरे आरोपी अरुण उर्फ गोलू बाथम के पास मिले एक प्लास्टिक के कट्टे में 10 बैट्रियां व एक कार्टून में 5 बैट्रियां व एक बैट्री चार्जर मिला जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने तीसरा साथी पकड़ा और रिक्शा जब्त किया
इन दोनों की गिरफ़्तारी के बाद आज 28 मई को पुलिस ने इनके तीसरे संदेही देवेन्द सिह कुशवाह उर्फ देवू निवासी सती विहार कॉलोनी मछली मण्डी थाना ग्वालियर को भी धरदबोचा। पूछताछ में उसके द्वारा उक्त घटना में चोरी किया गया माल अपने ई-रिक्शा से ले जाना स्वीकार किया। थाना पड़ाव पुलिस द्वारा आरोपी की निशादही पर घटना में प्रयुक्त वाहन महेन्द्रा ई-रिक्शा क्रमांक एमपी07-एएल-1309 को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
23/24 मई की रात्रि चोरी की थी बैट्रियां
बता दें सुबोध कुमार जैन नामक फरियादी ने 25 मई को पड़ाव पुलिस थाने में रिपोर्ट लिखी थी कि मेरी नक्ष मोटर्स बैट्री के नाम से पर्ल होटल के सामने सेवानगर रोड़ पर एक दुकान है, 23 मई को वह अपनी दुकान शाम करीबन 7.30 बजे बंद करके अपने घर गांधी नगर चला गया था। अगले दिन 24 मई को सुबह करीबन 10.30 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो और अंदर जाकर देखा तो दुकान की पिछली दीवार को तोड़कर कोई अज्ञात चोर मेरी दुकान से इलेक्ट्रिक स्कूटर में लगने वाली 10 बैट्रियां चुरा कर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज किया, बाद में फरियादी द्वारा स्टॉक चेक करने के बाद बताया कि उसकी दुकान से कुल 31 बैटरी, 2 बैटरी चार्जर चोरी किये गये थे।






