Hindi News

अम्बाला छावनी में 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, अनिल विज ने की व्यापक भागीदारी की अपील

Written by:Vijay Choudhary
Published:
मंत्री विज ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यात्रा में अधिक से अधिक लोग शामिल हों और पूरी यात्रा में अंत तक साथ चलें। उन्होंने कहा-“तिरंगा यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना का उत्सव है।”
अम्बाला छावनी में 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, अनिल विज ने की व्यापक भागीदारी की अपील

अनिल विज

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी में 13 अगस्त को निकलने वाली भव्य तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सुबह 11 बजे अग्रवाल धर्मशाला से शुरू होकर रेलवे रोड, सदर चौक, सब्जी मंडी, पुल चमेली, केसरा बाजार, कबाड़ी बाजार, राजकीय कॉलेज से होती हुई वापस अग्रवाल धर्मशाला में समाप्त होगी। मंत्री विज ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यात्रा में अधिक से अधिक लोग शामिल हों और पूरी यात्रा में अंत तक साथ चलें। उन्होंने कहा-“तिरंगा यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना का उत्सव है।”

“हर घर तिरंगा” और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम

अनिल विज ने “हर घर तिरंगा” अभियान पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता गली-मोहल्लों में जाकर लोगों को अपने घर के सबसे ऊंचे स्थान पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर अम्बाला में राज्यपाल विशेष रूप से पधारेंगे और इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा सुभाष पार्क के सामने तिरंगा फहराया जाएगा। विज ने आगे कहा कि 17 अगस्त को गांधी ग्राउंड में “एक पेड़ मां के नाम” पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर संदेश

मंत्री विज ने बताया कि 14 अगस्त को भाजपा की ओर से देशभर में “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” मनाया जाएगा। हरियाणा में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम फरीदाबाद में होगा, जिसमें अम्बाला छावनी से भी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने बंटवारे के इतिहास को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस की नीतियों और नेताओं की महत्वाकांक्षा ने भारत माता को लहुलुहान कर दिया। लाखों लोगों की जान गई और करोड़ों बेघर हुए। उन्होंने कहा-“महात्मा गांधी ने कहा था कि देश का बंटवारा उनकी लाश पर होगा, लेकिन बंटवारा हुआ और लोगों को उनके भविष्य पर छोड़ दिया गया।”

संगठन की एकता पर जोर

अम्बाला छावनी में पार्टी संगठन को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा-“हम भाजपा के लिए मर मिटेंगे, मगर किसी को पार्टी तोड़ने नहीं देंगे।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने और संगठन की मजबूती पर ध्यान देने की अपील की। विज ने कहा कि समय के साथ सबका हिसाब होता है, और भाजपा की ताकत उसकी एकता और कार्यकर्ताओं की निष्ठा है। इससे पहले पिछले साल भी पीएम मोदी ने हर घर तिरंगा को लेकर आह्वान किया था, इस साल भी पीएम मोदी ने हर घर तिरंगा को लेकर आह्वान किया है। इसी को लेकर अनिल विज ने हरियाणा वासियों ने अपील किया है।

Vijay Choudhary
लेखक के बारे में
पछले पांच सालों से डिजिटल पत्रकार हैं. जुनूनी न्यूज राइटर हैं. तीखे विश्लेषण के साथ तेज ब्रेकिंग करने में माहिर हैं. देश की राजनीति और खेल की खबरों पर पैनी नजर रहती है. View all posts by Vijay Choudhary
Follow Us :GoogleNews