हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव के नतीजे देर रात घोषित किए गए जिसमें बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने एक-एक सीट जीती है। दरअसल बीजेपी के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर बौद्ध राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। वहीं बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा है। बता दें कि यह चुनाव कई वजहों से चर्चा में रहा, खासकर क्रॉस वोटिंग और वोटों के अवैध घोषित होने को लेकर चर्चा ज्यादा देखने को मिली है।
दरअसल इस चुनाव में कांग्रेस के पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थन किया है जबकि चार कांग्रेस विधायकों के वोट अवैध घोषित कर दिए गए हैं। इसके अलावा बीजेपी के एक विधायक का वोट भी रद्द कर दिया गया इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) के दो विधायक मतदान से दूर रहे।
हुड्डा का हमला, बोले- ‘बीजेपी की कोशिश नाकाम’
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चुनाव परिणाम को लोकतंत्र की जीत बताया। दरअसल उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के लिए आसान चुनाव नहीं था, लेकिन पार्टी ने बड़ी चुनौती को पार कर लिया है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव में “वोट चोरी” की कोशिश की है, लेकिन वह कांग्रेस उम्मीदवार को हराने में सफल नहीं हो पाई।
हुड्डा ने उन कांग्रेस विधायकों पर भी निशाना साधा जिन्होंने क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने कहा कि ऐसे विधायक अब जनता के सामने उजागर हो चुके हैं और उन्हें इसका जवाब देना होगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद ने भी दावा किया कि बीजेपी ने कांग्रेस विधायकों को प्रभावित करने की कोशिश की लेकिन पार्टी अपने उम्मीदवार को जीत दिलाने में सफल रही।
CM सैनी का पलटवार, बोले- कांग्रेस को अपने विधायकों पर भरोसा नहीं
दरअसल चुनाव नतीजों के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है। दरअसल उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है इसलिए उन्हें एक तरह से “बंधक” बनाकर रखा गया CM सैनी ने यह भी कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता खुद पोलिंग एजेंट बने जो यह दिखाता है कि पार्टी के अंदर विश्वास की कमी है।
उन्होंने इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस चुनाव में INLD ने अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस का समर्थन किया और “बी टीम” की तरह काम किया।






