मध्य प्रदेश की महाकाल की नगरी उज्जैन को आज मंगलवार को बड़ी सौगात मिलने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगुभाई पटेल उज्जैन में ₹77 करोड़ की लागत से बनने वाले भव्य ‘गीता भवन’ का भूमि-पूजन करेंगे। इसके साथ ही सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए उज्जैन विकास प्राधिकरण की ₹662.46 करोड़ से की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिससे उज्जैन के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, सिंहस्थ क्षेत्र (नगर विकास योजना ग्राम नीमनवासा, धतरावदा एवं लालपुर में) में लगभग 35 किलोमीटर लंबी सीसी सड़कों का निर्माण, सीवर लाइन, जल आपूर्ति और स्थायी भूमिगत विद्युतीकरण के कार्यों की शुरुआत की गई है। इसकी लागत ₹160.39 करोड़ है जो 473.32 हैक्टयेर में विकसित होगी। इसके अलावा विक्रम नगर आरओबी का निर्माण कार्य राशि 30.68 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा हैं, जिसमें विक्रम उद्योगपुरी के पास एमआर 5 से नगर विकास योजना क्रं.- 03,04, 05 & 06, को जोड़ने के लिए किया जा रहा है जो मक्सी एवं देवास से आने वाले यातायात को सुगमता प्रदान करेगा।
नए सिंहस्थ मेला कार्यालय भवन का भी होगा भूमि-पूजन
इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा ₹29.84 करोड़ की लागत वाले सिंहस्थ मेला कार्यालय का निर्माण कार्य का भूमि-पूजन भी किया जाएगा। यह G+1 भवन होगा, जिसमें सिंहस्थ के दौरान बेहतर प्रबंधन के लिए एक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी बनाया जाएगा। यह क्षेत्रफल 63 हजार वर्गफीट होगा।
प्रमुख आंकड़े एक नज़र में:
- कुल विकास कार्य: ₹739.46 करोड़
- गीता भवन लागत: ₹77 करोड़
- शहरी विकास योजनाएं: ₹662.46 करोड़
- नया मेला कार्यालय: ₹29.84 करोड़
सम्राट विक्रमादित्य विवि के दीक्षांत समारोह भी होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में आयोजित विक्रम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह मे भी शामिल होंगे। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के 30 वां दीक्षांत समारोह का आयोजन मंगलवार सुबह 11 बजे होगा। विश्वविद्यालय के माधव भवन प्रशासनिक परिसर स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित होने वाले समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति एवं राज्यपाल मंगुभाई पटेल करेंगे।






