Hindi News

AAP नेता अनुराग ढांडा का CM नायब सैनी पर बड़ा आरोप, कहा- पंजाब में फर्जी जॉइनिंग कराकर युवाओं को कर रहे गुमराह

Written by:Gaurav Sharma
Published:
आम आदमी पार्टी (AAP) ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर पंजाब में भाजपा के लिए 'फर्जी जॉइनिंग' कराने का गंभीर आरोप लगाया है। AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने रविवार को कहा कि सीएम सैनी हरियाणा के युवाओं को पंजाब का बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं, जो सीएम पद की गरिमा के खिलाफ है।
AAP नेता अनुराग ढांडा का CM नायब सैनी पर बड़ा आरोप, कहा- पंजाब में फर्जी जॉइनिंग कराकर युवाओं को कर रहे गुमराह

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (AAP) ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर एक सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा है कि वह पंजाब में भाजपा का जनाधार दिखाने के लिए हरियाणा के युवाओं की ‘फर्जी जॉइनिंग’ करा रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने सीएम सैनी पर तीखा हमला बोलते हुए इसे न केवल हरियाणा के युवाओं के साथ धोखा, बल्कि पंजाब के युवाओं का भी घोर तिरस्कार बताया है।

यह पूरा विवाद कुछ दिन पहले चंडीगढ़ में हुए पंजाब बीजेपी के एक कार्यक्रम से जुड़ा है। उस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुछ युवाओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। इन युवाओं को पंजाब के युवा छात्र नेता के तौर पर प्रस्तुत किया गया था। अब आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि ये सभी युवा पंजाब के नहीं, बल्कि हरियाणा के रहने वाले थे।

‘पद की गरिमा का तो ख्याल रखते’

अनुराग ढांडा ने मुख्यमंत्री की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें ऐसा फर्जीवाड़ा करते वक्त अपने पद की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए था। उन्होंने कहा, “नायब सिंह हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं। यह बेहद शर्मनाक है कि पंजाब में बीजेपी की जमीन तैयार करने के लिए उन्हें हरियाणा से युवाओं को ले जाकर वहां पंजाब का युवा बताना पड़ा।”

आप नेता ने कुछ युवाओं के नाम भी बताए, जैसे कुलदीप और नसीब, जिन्हें खुद मुख्यमंत्री ने पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया था। ढांडा ने दावा किया कि ये सभी हरियाणा के निवासी हैं। उन्होंने कहा, “लड़के हरियाणा के, मुख्यमंत्री हरियाणा के, लेकिन ड्रामा पंजाब के प्लेटफॉर्म पर किया गया।”

“एक तरफ हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे रही है, और दूसरी तरफ अपनी घटिया राजनीति के लिए उन्हीं युवाओं का इस्तेमाल फर्जी इवेंट्स में कर रही है। यह सीएम नायब सिंह की हताशा को दर्शाता है।”- अनुराग ढांडा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, AAP

‘पंजाब का युवा बीजेपी के साथ क्यों नहीं?’

ढांडा ने दावा किया कि पंजाब का एक भी युवा बीजेपी के साथ जुड़ने को तैयार नहीं है और इसके पीछे ठोस कारण हैं। उन्होंने किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा, “किसान आंदोलन के दौरान 750 से ज्यादा किसानों की शहादत हुई, उन पर लाठियां और गोलियां चलाई गईं, जिसका गुस्सा आज भी पंजाब के लोगों में भरा हुआ है।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब पंजाब बाढ़ की त्रासदी झेल रहा था, तब केंद्र की बीजेपी सरकार ने मदद करने के बजाय अफगानिस्तान को सहायता भेजी थी। इन्हीं वजहों से पंजाब में बीजेपी को युवाओं का समर्थन नहीं मिल रहा है और उन्हें ऐसे ‘पॉलिटिकल स्टंट’ करने पड़ रहे हैं।

चेतावनी: पंजाब के चक्कर में हरियाणा न निकल जाए

अंत में, अनुराग ढांडा ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को चेतावनी देते हुए कहा कि वह इस तरह के फर्जीवाड़े बंद करें। उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है और बीजेपी के ऐसे हर हथकंडे का पर्दाफाश होता रहेगा। उन्होंने सलाह दी, “बेहतर होगा कि मुख्यमंत्री हरियाणा में बीजेपी की सरकार से परेशान लोगों को राहत देने की कोशिश करें। ऐसा न हो कि पंजाब हथियाने के चक्कर में हरियाणा भी हाथ से निकल जाए।”

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews