गैस सिलेंडर की डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार अब गुजरे जमाने की बात हो सकती है। हरियाणा के गुरुग्राम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने एक ऐसी पहल की है, जो उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। कंपनी ने देश का पहला ‘LPG ATM’ स्थापित किया है, जिससे ग्राहक किसी भी समय, यानी 24×7, अपनी सुविधानुसार गैस सिलेंडर ले सकते हैं।
इस अभिनव सेवा को ‘भारत गैस इंस्टा LPG’ नाम दिया गया है। यह पूरी तरह से स्वचालित और संपर्क रहित (कॉन्टैक्टलेस) प्रक्रिया है, जिसमें एक सिलेंडर पाने में मात्र 2 से 3 मिनट का समय लगता है। यह मशीन गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र स्थित सेक्टर 33 के सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की गई है।
ये भी पढ़ें
फाइबर से बने हल्के और सुरक्षित कंपोजिट सिलेंडर
इस LPG ATM की सबसे बड़ी खासियत इसके सिलेंडर हैं। पारंपरिक भारी लोहे के सिलेंडरों की जगह यहां से ‘कंपोजिट सिलेंडर’ दिए जा रहे हैं। ये सिलेंडर फाइबर से बने होते हैं, जिस वजह से इनका वजन लोहे वाले सिलेंडर से लगभग आधा होता है। 10 किलो गैस वाले इस भरे हुए सिलेंडर का कुल वजन करीब 15 किलो ही है, जिससे इसे उठाना और एक जगह से दूसरी जगह ले जाना बेहद आसान है।
इसके अलावा, इन सिलेंडरों की बॉडी पारदर्शी होती है, जिससे गैस का स्तर साफ-साफ दिखाई देता है। इससे उपभोक्ताओं को यह पता चल जाता है कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है। फाइबर बॉडी होने के कारण इसमें जंग लगने की समस्या भी नहीं होती, जिससे घर के फर्श पर दाग नहीं लगते।
स्मार्ट टेक्नोलॉजी से लैस है वेंडिंग मशीन
यह वेंडिंग मशीन एक बार में लगभग 10 सिलेंडर रख सकती है। इसे एक स्मार्ट सेंसर सिस्टम से लैस किया गया है। जैसे ही मशीन में सिलेंडरों का स्टॉक कम होता है, यह सेंसर तुरंत नजदीकी भारत गैस एजेंसी को अलर्ट भेज देता है। इसके बाद एजेंसी की टीम आकर मशीन को फिर से भर देती है, ताकि ग्राहकों को किसी भी समय सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। फिलहाल यह सुविधा भारत गैस के ग्राहकों के लिए है।
“यह मशीन बहुत सुविधाजनक है। पहले हमें गैस डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब हम रात में या छुट्टी के दिन भी बिना किसी परेशानी के सिलेंडर ले सकते हैं। इससे समय की बहुत बचत होती है।”- अमित खटाना, फैसिलिटी डिप्टी मैनेजर, सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली
स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया है और इसे ‘स्मार्ट सिलेंडर’ की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है। अगर यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो भारत पेट्रोलियम इस सेवा का विस्तार देश के अन्य शहरों और आवासीय सोसायटियों में भी कर सकती है। यह पहल न केवल उपभोक्ताओं को सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि गैस वितरण प्रणाली को भी आधुनिक और कुशल बनाएगी।