Hindi News

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर कांग्रेस के 5 विधायकों को कारण बताओ नोटिस, जरनैल सिंह और शैली चौधरी ने आरोपों को बताया साजिश

Written by:Ankita Chourdia
Published:
हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग के आरोप में पांच विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें जरनैल सिंह, शैली चौधरी, रेणुबाला, मोहम्मद इलियास और मोहम्मद इसराइल शामिल हैं। विधायकों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश और पसंद-नापसंद का खेल बताया है।
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर कांग्रेस के 5 विधायकों को कारण बताओ नोटिस, जरनैल सिंह और शैली चौधरी ने आरोपों को बताया साजिश

चंडीगढ़: हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस के भीतर मचा घमासान अब खुलकर सामने आ गया है। पार्टी आलाकमान ने कड़ा रुख अपनाते हुए अब तक अपने पांच विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। रतिया से विधायक सरदार जरनैल सिंह इस सूची में पांचवें विधायक हैं, जिन्हें शुक्रवार को नोटिस थमाया गया। इससे पहले नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी, सढौरा की विधायक रेणुबाला, पुन्हाना के विधायक मोहम्मद इलियास और हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल को नोटिस दिए जा चुके हैं।

इन सभी पांचों विधायकों को नोटिस का जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। हालांकि, नोटिस मिलने के बाद विधायकों ने क्रॉस वोटिंग के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और इसे अपने खिलाफ एक राजनीतिक साजिश करार दिया है।

आरोपों पर विधायकों का पलटवार

नोटिस मिलने के बाद आरोपी विधायकों ने पार्टी नेतृत्व और प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यह ‘पसंद और नापसंद’ का खेल है, जिसमें कुछ खास लोगों को बचाया जा रहा है और दूसरों को निशाना बनाया जा रहा है।

शैली चौधरी, नारायणगढ़: विधायक शैली चौधरी ने कहा, “ये आरोप बेबुनियाद हैं। आप देख सकते हैं कि किसे फंसाया जा रहा है और किसे बचाया जा रहा है। नौ विधायकों की बात सामने आई थी, मगर हमें खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि वह नोटिस का जवाब देंगी और पार्टी छोड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है।

जरनैल सिंह, रतिया: विधायक जरनैल सिंह ने नोटिस मिलने पर दुख जताते हुए कहा, “मेरा दिल टूट गया। मैं 20 साल से चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा का वफादार सिपाही रहा हूं। मैंने अपनी वोट कांग्रेस उम्मीदवार को दी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दिखाकर दी है।” उन्होंने कहा कि वह नोटिस का जवाब देंगे और जरूरत पड़ने पर हाईकमान से भी बात करेंगे।

“चहेतों लोगों को क्लीन चिट दी जा रही है। हम पर झूठे आरोप लग रहे हैं। झूठ और दोगलापन हमारे खून में नहीं हैं। हम लोग पार्टी के प्रति पूरी तरह से निष्ठावान हैं और बने रहेंगे।”- मो. इसराइल, विधायक, हथीन

क्या था पूरा मामला?

राज्यसभा चुनाव के बाद से ही नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा यह स्वीकार कर रहे थे कि पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। हालांकि, 18 मार्च को कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में केवल चार विधायकों का नाम लिया था, जिसके बाद पार्टी के भीतर ही सवाल उठने लगे थे। विधायकों और मीडिया के दबाव के बाद आखिरकार पांचवें विधायक जरनैल सिंह को भी नोटिस जारी किया गया।

सढौरा की विधायक रेनू बाला ने भी आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्होंने ऑब्जर्वर को अपना वोट दिखाकर डाला था और यह उनके खिलाफ एक सोची-समझी साजिश है।

हाईकमान को भेजी गई रिपोर्ट: हुड्डा

इस पूरे मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि किस विधायक ने किसे वोट दिया है, इसकी जानकारी स्पष्ट है। उन्होंने बताया, “इसी को देखने के लिए हाईकमान की तरफ से प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद और मुझे नियुक्त किया गया था। इसकी पूरी रिपोर्ट बनाकर पार्टी हाईकमान को भेज दी गई है। उसके बाद पार्टी हाईकमान रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रहा है।”

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews