Hindi News

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान, हरियाणा में बनेगी दो आपदा राहत बल की बटालियन

Written by:Vijay Choudhary
Published:
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान, हरियाणा में बनेगी दो आपदा राहत बल की बटालियन

हरियाणा में आपदा प्रबंधन को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इन फैसलों से न केवल आपदा से निपटना आसान होगा बल्कि आम जनता को त्वरित राहत मिल सकेगी।

दो नई बटालियन बनाएगी सरकार, आपदा में मिलेगी त्वरित राहत

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हरियाणा सरकार प्रदेश में दो हरियाणा आपदा राहत बल (HRDF) की बटालियन बनाएगी। ये बटालियन राज्य में किसी भी आपात स्थिति जैसे बाढ़, आग, भूकंप आदि में तुरंत कार्रवाई कर लोगों की मदद करेंगी। ये बटालियन आधुनिक तकनीकों और संसाधनों से लैस होंगी। इससे जिला और ब्लॉक स्तर तक राहत पहुंचाना आसान होगा।

जींद में बनेगा आधुनिक फायर एंड डिजास्टर ट्रेनिंग इंस्टीट्यू

जींद जिले में एक अत्याधुनिक फायर एवं डिजास्टर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना की जाएगी। इस संस्थान में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के मानकों के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। भूकंप, आग, बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के लिए प्रशिक्षित फोर्स तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द इसका शिलान्यास किया जाए।

फायर एनओसी प्रक्रिया होगी आसान और पारदर्श

फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट की रिन्यूअल प्रक्रिया को ऑटोमैटिक किया जाएगा। जैसे ही कोई आवेदन करेगा, उसे स्वतः एनओसी मिल जाएगी। इसके बाद अधिकारी 15 दिन में रैंडम जांच करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हर स्तर पर जिम्मेदारी तय हो और फायर एनओसी को मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जोड़ा जाए। पेंडिंग एनओसी मामलों में देरी करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

अग्निशमन विभाग को मिलेंगी अत्याधुनिक गाड़ियां और उपकरण

राज्य सरकार ने अग्निशमन विभाग को हाईटेक बनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत जल्द ही 101 मीटर ऊंचाई तक पहुंचने वाली दो फायर टेंडर गाड़ियां खरीदी जाएंगी। साथ ही 13 हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म युक्त गाड़ियां भी ली जाएंगी। इतना ही नहीं, 250 फायर वाहन ब्लॉक स्तर तक तैनात किए जाएंगे। अग्निशमन गाड़ियों में लगे पानी के पाइप की लंबाई बढ़ाकर 1000 मीटर तक की जाएगी ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी आसानी से राहत कार्य किया जा सके।

खास पहल – तैराकों का डाटा पोर्टल पर होगा दर्ज

मुख्यमंत्री ने एक नई पहल की घोषणा की कि प्रदेश में जहां भी कुशल तैराक हैं, उनका डाटा एक पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। ये तैराक बाढ़ या जल आपदा की स्थिति में बचाव कार्यों में इस्तेमाल किए जाएंगे।

Vijay Choudhary
लेखक के बारे में
पछले पांच सालों से डिजिटल पत्रकार हैं. जुनूनी न्यूज राइटर हैं. तीखे विश्लेषण के साथ तेज ब्रेकिंग करने में माहिर हैं. देश की राजनीति और खेल की खबरों पर पैनी नजर रहती है. View all posts by Vijay Choudhary
Follow Us :GoogleNews